गरियाबंद में ऑपरेशन निश्चय के तहत पुलिस ने 151 किलो गांजा जब्त कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। गांजा मेटाडोर के 6 टायरों में छिपाया गया था।
गरियाबंद जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चल रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत गरियाबंद पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बेहद शातिर तरीके का पर्दाफाश किया है। देवभोग क्षेत्र में पुलिस ने एक मेटाडोर से 151 किलो गांजा बरामद कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को वाहन के 6 टायरों के अंदर छिपाकर रखा था।

मुखबिर की सूचना ने खोला तस्करी का राज
पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त 2026 को थाना देवभोग पुलिस को सूचना मिली कि एक मेटाडोर में अवैध गांजा लेकर तस्कर देवभोग की ओर बढ़ रहे हैं। सूचना मिलते ही खुटगांव अंतरराज्यीय पुलिस चेक पोस्ट पर तैनात जवानों को अलर्ट किया गया। पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान संदिग्ध मेटाडोर को रोककर गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली गई। पहली नजर में वाहन सामान्य नजर आ रहा था, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को उसके 6 टायरों के भीतर छिपाकर रखा गया गांजा मिला। वाहन से कुल 151 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 75 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मेटाडोर क्रमांक CG 07 AV 3587 को भी जब्त किया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।
मध्यप्रदेश और ओडिशा से जुड़े हैं आरोपी
मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित पांडेय (35), निवासी छतरपुर, मध्यप्रदेश और रमेश नायक (52), निवासी कालाहांडी, ओडिशा के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(b)(ii)(C) और 27A के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
8 महीने में 5.17 करोड़ से ज्यादा का गांजा जब्त
गरियाबंद पुलिस के अनुसार ऑपरेशन निश्चय के तहत पिछले 8 महीनों में नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई है। इस दौरान 44 मामले दर्ज कर 86 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कुल 10 क्विंटल 80 किलो यानी 1,080 किलो गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 5 करोड़ 17 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
इस दौरान गांजा तस्करी में इस्तेमाल 32 वाहन भी जब्त किए गए हैं, जिनमें 18 दोपहिया और 14 चारपहिया वाहन शामिल हैं।
सीमा क्षेत्र का फायदा उठा रहे तस्करों पर शिकंजा
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक गरियाबंद जिला कई राज्यों की सीमा से जुड़ा होने के कारण तस्कर इन रास्तों का फायदा उठाने की कोशिश करते हैं। ऐसे तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए चेक पोस्ट, मुखबिर तंत्र और पुलिस टीमों की सक्रियता बढ़ाई गई है।
पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस कार्रवाई में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाली देवभोग थाना प्रभारी और उनकी टीम को सम्मानित किए जाने की बात भी कही गई है।