कृष्णा-प्रभु निकले यूरिया यात्रा पर गरियाबंद के गौरगांव पंचायत के झोलाराव गांव में यूरिया खाद चोरी के आरोप में कृष्णा और प्रभु नाम के दो युवकों को ग्रामीणों ने अनोखी सजा दी। कंधे पर खाद की बोरी रखकर बाजे-गाजे के साथ गांव में घुमाया गया।
गरियाबंद नाम कृष्णा और प्रभु… लेकिन गांव में चर्चा किसी धार्मिक यात्रा की नहीं, बल्कि यूरिया यात्रा की है। गरियाबंद के गौरगांव पंचायत अंतर्गत झोलाराव गांव में कथित खाद चोरी के मामले में ग्रामीणों ने दो युवकों को ऐसी ‘सजा’ दी कि पूरा गांव देखते रह गया।
मामला किसान के घर से यूरिया खाद चोरी होने के आरोप से जुड़ा बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने कृष्णा और प्रभु नाम के दो युवकों को पकड़ा और फिर दोनों के कंधों पर यूरिया खाद की बोरियां रखवा दीं। इसके बाद जो हुआ, वह किसी फिल्मी दृश्य से कम नहीं था।

कृष्णा-प्रभु निकले यूरिया यात्रा पर आगे-आगे बाजा,पीछे खाद की बोरी और बीच में यूरिया यात्रा।
ग्रामीणों ने दोनों युवकों को बाजे-गाजे के साथ पूरे गांव में घुमाया। जिस खाद को कथित तौर पर चोरी-छिपे ले जाने की कोशिश हुई थी, वही खाद इस जुलूस में दोनों के कंधों पर दिखाई दी। गांव की गलियों में यह नजारा देखकर लोग भी जमा हो गए।
नाम कृष्णा-प्रभु, काम का आरोप खाद वाला
इस घटना का सबसे दिलचस्प हिस्सा दोनों युवकों के नाम हैं। कृष्णा और प्रभु नाम सुनते ही धार्मिक भाव वाला अहसास होता है, लेकिन इस मामले में चर्चा भगवान की नहीं, यूरिया की हो रही है।
गांव में लोग इसे अपने-अपने अंदाज में देख रहे हैं। किसी के लिए यह चोरी के खिलाफ ग्रामीणों का अनोखा संदेश है तो किसी के लिए कानून हाथ में लेने जैसा कदम। हालांकि, दोनों युवकों पर लगे आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही होगी।
चोरी का आरोप, सजा का देसी मॉडल
ग्रामीणों की इस कार्रवाई ने एक बार फिर गांवों में चोरी के मामलों से निपटने के तरीके पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कानून अपनी जगह है और ग्रामीणों का गुस्सा अपनी जगह, लेकिन झोलाराव में कृष्णा और प्रभु की यूरिया यात्रा ने फिलहाल पूरे इलाके में खूब सुर्खियां बटोर ली हैं।
अब देखना यह है कि यह मामला सिर्फ गांव की गलियों तक सीमित रहता है या फिर कृष्णा-प्रभु की यूरिया यात्रा थाने तक पहुंचकर कानूनी कहानी में बदलती है।
यह भी पढ़ें …गरियाबंद तहसीलदार चीतेश कुमार देवांगन का तबादला, अब नितिन ठाकुर संभालेंगे जिम्मेदारी ।