गरियाबंद के कॉलेज में रक्तदान शिविर शासकीय वीर सुरेन्द्र साय महाविद्यालय में रक्तदान शिविर आयोजित हुआ। छात्र-छात्राओं ने उत्साह से 30 यूनिट रक्तदान किया पढ़ें पूरी खबर पैरी टाईम्स पर ।
गरियाबंद जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने के उद्देश्य से गरियाबंद के शासकीय वीर सुरेन्द्र साय महाविद्यालय में आयोजित रक्तदान शिविर में छात्र-छात्राओं और प्राध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 30 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के साथ आयोजित इस शिविर में युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक भी किया गया।

गरियाबंद के कॉलेज में रक्तदान शिविर कॉलेज परिसर में आयोजित हुआ रक्तदान शिविर
कलेक्टर रणबीर शर्मा के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एस. नवरत्न के मार्गदर्शन में 26 नवंबर को शासकीय वीर सुरेन्द्र साय महाविद्यालय, गरियाबंद में रक्तदान शिविर एवं स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन जिला चिकित्सालय गरियाबंद के ब्लड बैंक की टीम द्वारा किया गया।
महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं और प्राध्यापकों ने स्वैच्छिक रक्तदान करते हुए जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने की पहल में सहभागिता निभाई। शिविर के दौरान कुल 30 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
एक यूनिट रक्त से बच सकती है तीन लोगों की जान
शिविर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एस. नवरत्न ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एक यूनिट रक्त से जरूरत के अनुसार तीन लोगों तक को जीवन बचाने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि नियमित और स्वैच्छिक रक्तदान से दुर्घटना, गंभीर बीमारी, ऑपरेशन तथा अन्य चिकित्सकीय परिस्थितियों में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। उन्होंने स्वस्थ लोगों से स्वैच्छिक एवं सुरक्षित रक्तदान के प्रति जागरूक रहने और आगे भी इस सामाजिक कार्य में सहभागिता निभाने की अपील की।
स्वास्थ्य अधिकारियों और महाविद्यालय के सदस्यों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर जिला नोडल अधिकारी डॉ. ए.के. हुमने, डॉ. सी.एल. तारक, डॉ. नीलाम्बर पटेल, चंद्रभान पटेल, रेडक्रॉस प्रभारी डॉ. सत्यम कुम्भकार, डॉ. गोमती रानी चंद्राकर, लालजी साहू, टीकेश साहू, रवि यादव और शेषनारायण सिन्हा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से युवाओं को रक्तदान के प्रति प्रेरित करने और जिले में स्वैच्छिक रक्तदान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया ।
यह भी पढ़ें…गरियाबंद में कार ने कॉलेज छात्राओं को रौंदा, एक गंभीर, CCTV में कैद हुआ हादसा देखे लाइव वीडियो