गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 9 लाख रुपये से अधिक मूल्य का अवैध गांजा जप्त किया है, उड़ीसा से मध्य प्रदेश तस्करी कर रहे तीन आरोपी गिरफ्तार पढ़े पूरी ख़बर पैरी टाईम्स पर।
गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के दिशा निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मैनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग अलग कार्रवाइयों में तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है जिनके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया गया है। जप्त किए गए गांजे की कुल कीमत 9 लाख 28 हजार 750 रुपये आंकी गई है।

गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर थाना प्रभारी मैनपुर ने पुलिस टीम गठित कर रेड कार्रवाई की। पहली कार्रवाई ग्राम झरियाबाहरा से नगरी जाने वाले मुख्य मार्ग पर की गई जहाँ पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार सरजन कुमार विश्वकर्मा और दिलीप बारोड़ को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 14.075 किलो गांजा मिला। वहीं दूसरी कार्रवाई मैनपुरकला मोड़ बुढ़ा देव मंदिर के पास की गई जहाँ अंकुर नामक युवक को पल्सर बाइक के साथ पकड़ा गया जिसके पास से 4.500 किलो गांजा बरामद हुआ।
उड़ीसा से लाकर गांजा खपाने की फिराक में थे
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि तीनों आरोपी उड़ीसा से अवैध गांजा खरीदकर मध्य प्रदेश के राजगढ़ और इंदौर खपाने की तैयारी में थे। आरोपियों के पास से गांजे के साथ परिवहन में प्रयुक्त दो पल्सर मोटरसाइकिल भी जप्त की गई हैं जिनकी कीमत 3 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 ख के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।