हिमांशु साँगाणी
गरियाबंद। गरियाबंद नगर पालिका शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को भव्य तरीके से गांधी मैदान में आयोजित हुआ। इस दौरान रिखीराम यादव ने गरियाबंद नगर पालिका अध्यक्ष पद की शपथ ली, जबकि 15 पार्षदों ने भी अपने पद की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। शपथ ग्रहण समारोह में गरियाबंद की राजनीतिक गलियों में हलचल मचाने वाले कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।

नगर पालिका शपथ ग्रहण समारोह में जुटे बड़े नेता
समारोह में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री किशोर महानंद, राजीम विधायक रोहित साहू, पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन सिंह मांझी, पूर्व विधायक डमरूधर पुजारी, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप , उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर ,जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश साहू,मंडल अध्यक्ष सुमित पारख और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गफ्फू मेमन सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
नगर पालिका उपाध्यक्ष चुनाव: आसिफ मेमन ने मारी बाजी
शपथ ग्रहण के तुरंत बाद गरियाबंद नगर पालिका उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ, जिसमें दो मजबूत दावेदार – पूर्व उपाध्यक्ष सुरेंद्र सोनटेके और आसिफ मेमन के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। दोनों उम्मीदवार अपने-अपने वार्ड से भारी मतों से जीतकर आए थे, जिससे यह मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया।
हालांकि, पार्टी के सभी 9 पार्षदों की सहमति के बाद अंततः आसिफ मेमन गरियाबंद नगर पालिका उपाध्यक्ष पद के लिए चुने गए। उनके चयन के बाद समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई, और जश्न का माहौल बन गया।
नए नगर प्रशासन से जनता को उम्मीदें
गरियाबंद नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव और उपाध्यक्ष आसिफ मेमन की जोड़ी अब नगर प्रशासन की बागडोर संभालेगी। जनता को उम्मीद है कि यह नया नेतृत्व गरियाबंद शहर के विकास, सड़क सुधार, पेयजल व्यवस्था, और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर काम करेगा।