संपादक पैरी टाईम्स 24×7 डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद कलेक्टर प्रेस वार्ता कलेक्टर और एसपी खुद उतरेंगे जमीन पर गरियाबंद बस स्टैंड, सब्जी बाजार और छुरा रोड के ट्रैफिक की सूरत बदलने की तैयारी पढ़े पूरी खबर पैरी टाईम्स पर।
गरियाबंद जिला मुख्यालय गरियाबंद की सूरत बदलने और इसे एक व्यवस्थित शहर का रूप देने के लिए अब जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। शुक्रवार को कलेक्टर भगवान सिंह उईके और पुलिस अधीक्षक वेद व्रत सिरमौर ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर नगर विकास और यातायात व्यवस्था को लेकर नए रोडमैप पर चर्चा की। इस वार्ता का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह रहा कि अधिकारियों ने केवल फाइलों तक सीमित न रहकर खुद ग्राउंड जीरो पर उतरने का फैसला किया है।

गरियाबंद कलेक्टर प्रेस वार्ता ट्रैफिक प्लान तिरंगा चौक से छुरा रोड पर थमेगी भारी वाहनों की रफ्तार
शहर की बढ़ती आबादी और संकरी सड़कों को देखते हुए यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया। प्रेस वार्ता में तिरंगा चौक से छुरा रोड के लिए पुराने ट्रैफिक प्लान को पुनर्जीवित करने पर गंभीर चर्चा हुई। प्रशासन अब दिन के समय इस मार्ग पर बड़े और भारी वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की तैयारी में है। लंबे समय से धूल फांक रहे इस पुराने ट्रैफिक प्लान को लागू करने का मुख्य उद्देश्य शहर के भीतर लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाना और सड़क हादसों में कमी लाना है। भारी वाहनों के प्रवेश वर्जित होने से स्थानीय नागरिकों और छोटे वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
14 साल का पिछड़ापन और प्रशासनिक चुनौती
गरियाबंद को जिला बने 14 साल का लंबा अरसा बीत चुका है, लेकिन आज भी यह शहर बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है। प्रेस वार्ता के दौरान यह कड़वा सच स्वीकार किया गया कि गरियाबंद अपने समकक्ष जिलों की तुलना में विकास की दौड़ में काफी पीछे है। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि इतने वर्षों में शहर का एक व्यवस्थित मास्टर प्लान तक तैयार नहीं हो पाया। अब कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि नगर पालिका का नया भवन, व्यावसायिक परिसर और एक भव्य मंगल भवन का निर्माण उनकी प्राथमिकता सूची में है।
अवैध कब्जाधारियों पर गिरेगी गाज दर्रापारा सहित पूरा शहर पर नजर
प्रेस वार्ता में कलेक्टर भगवान सिंह उईके ने निर्देश दिए हैं कि मुख्यालय की सभी अवैध शासकीय जमीनों की पहचान की जाए। विशेष रूप से दर्रापारा सहित गरियाबंद मुख्यालय के अन्य हिस्सों में जिन लोगों ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया है, उन्हें चिन्हांकित करने का काम तत्काल शुरू होगा, सब्जी बाजार की ओ एकड़ की जगह घटकर महज ढाई एकड़ रह गई अब इन सब की पहचान कर कार्यवाही की शुरुआत की जाएगी । प्रशासन ने साफ कर दिया है कि विकास की राह में रोड़ा बनने वाले किसी भी अवैध अतिक्रमण को बख्शा नहीं जाएगा। इन जगहों को चिन्हित कर जल्द ही ध्वस्तीकरण की कार्यवाही शुरू की जा सकती है,
बस स्टैंड और सब्जी बाजार का होगा कायाकल्प
शहर की सबसे जटिल समस्या यहाँ का बस स्टैंड और सब्जी बाजार है। वर्तमान में बस स्टैंड न केवल संकरा है, बल्कि सुविधाओं के नाम पर यहाँ शून्य व्यवस्था है। वहीं, सब्जी बाजार के व्यवस्थित न होने से पूरी व्यवस्था चरमरा गई है। कलेक्टर ने संकेत दिए हैं कि सब्जी बाजार को उचित स्थान पर विस्थापित करना और बस स्टैंड को आधुनिक बनाना अब अनिवार्य हो गया है।
कल सुबह होगा स्पॉट मुआयना
इन तमाम योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए कलेक्टर और एसपी ने तय किया है कि वे शनिवार सुबह खुद बस स्टैंड और यातायात प्रभावित क्षेत्रों का मुआयना करेंगे। प्रशासन का मानना है कि मौके पर जाकर ही विस्थापन और नए ट्रैफिक रूट का सटीक आकलन किया जा सकता है। व्यंग्यात्मक रूप से देखा जाए तो 14 साल बाद ही सही, लेकिन प्रशासन का यह ‘ऑन द स्पॉट’ एक्शन गरियाबंद के लिए एक नई उम्मीद लेकर आया है