हिमांशु साँगाणी
गरियाबंद। महाकुंभ 2025 में देशभर के करोड़ों लोग प्रयागराज में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ में पहली बार जेल में बंद कैदियों को भी गंगा जल स्नान का मौका मिला।
गृहमंत्री विजय शर्मा की पहल पर प्रदेश की 5 सेंट्रल जेल, 20 जिला जेल और 8 सब-जेल में आज हजारों कैदियों ने गंगा जल से स्नान किया। इसी कड़ी में गरियाबंद जिला जेल में भी यह आयोजन हुआ, जहां करीब 150 कैदियों ने पवित्र गंगा जल से स्नान कर आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया।

कैदियों ने जताई थी इच्छा, सरकार ने किया इंतजाम
देशभर में करीब 60 करोड़ लोग प्रयागराज में अमृत स्नान कर रहे हैं। इसी बीच, गरियाबंद जिला जेल में बंद कैदियों ने भी गंगा जल स्नान की इच्छा जताई थी।
इसके बाद राज्य सरकार के प्रयास से गरियाबंद जिला जेल में गंगा जल उपलब्ध कराया गया, और जेल प्रशासन ने पूरे विधि-विधान के साथ कैदियों को गंगा जल स्नान का अवसर दिया।
पहली बार जेल में हुआ ऐसा आयोजन
यह पहली बार हुआ है जब गरियाबंद जिला जेल में इस तरह का आयोजन किया गया। गंगा जल स्नान के बाद कई बंदियों ने मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा महसूस करने की बात कही।
जेल प्रशासन की प्रतिक्रिया
गरियाबंद जिला जेलर रवि कुमार भुआर्य ने कहा,
“यह पहल कैदियों के मानसिक और आध्यात्मिक सुधार के लिए की गई है। धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियाँ उनके व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने में मददगार साबित हो सकती हैं। आगे भी इस तरह के आयोजन किए जा सकते हैं।”इस आयोजन से जेल में बंद कैदियों को भी महाकुंभ का अनुभव मिला, और उन्हें आध्यात्मिक रूप से खुद को शुद्ध करने का अवसर प्राप्त हुआ।