संपादक पैरी टाईम्स 24×7 डेस्क गरियाबंद
रायपुर एम्स में अब खत्म होगा जांच का इंतजार क्या तीन महीने में बदल जाएगी रायपुर एम्स की सूरत लोजपा रामविलास के कार्यकर्ताओं ने गेट नंबर 1 पर किया ऐसा प्रदर्शन कि अफसरों को मांगनी पड़ी मोहलत साजू वी थॉमस की अगुवाई में हुई सकारात्मक चर्चा और मिले आश्वासनों के पिटारे की पूरी खबर पैरी टाईम्स पर ।
गरियाबंद/रायपुर एम्स के अच्छे दिन आने वाले हैं लोजपा रामविलास के वीर जवानों ने गेट नंबर 1 पर ठोंकी ऐसी ताल की प्रबंधन को अपने रवैय्ये को बदलना पड़ा । जिलाध्यक्ष साजू वी थॉमस के तेवरों ने अफसरों को दिखाए दिन में तारे और तीन महीने में एम्स को अस्पताल को सुधारने का मिल गया आश्वासन । रायपुर छत्तीसगढ़ की राजधानी में स्थित एम्स अस्पताल की बदहाली को सुधारने का बीड़ा आज लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के शूरवीरों ने कुछ इस अंदाज में उठाया कि अस्पताल के गलियारों में सन्नाटा पसर गया ।

रायपुर एम्स में अब खत्म होगा जांच का इंतजार लोजपा ने संभाला मोर्चा
तो ऐसा लगा मानो कोई इंकलाब आने वाला है प्रशासनिक कार्यालय के ठीक सामने लोजपा के जांबाज कार्यकर्ता कुछ इस कदर चिपक कर बैठ गए कि हिलाना मुश्किल हो गया जब एम्स के साहबों ने दो बंदों को चर्चा के लिए बुलाकर मामले को रफा दफा करना चाहा ।

जिला अध्यक्ष थॉमस ने संभाला मोर्चा तो अधिकारी भी हिल गए
रायपुर जिलाध्यक्ष साजू वी थॉमस ने अपना वो गियर डाला कि अफसर भी दंग रह गए थॉमस साहब ने साफ शब्दों में कह दिया कि दो लोगों से तो हम अपनी चाय की चर्चा भी नहीं करते एम्स के मुद्दों के लिए चार लोगों का प्रतिनिधि मंडल ही अंदर जाएगा आखिरकार प्रशासन को अपने नियमों की बलि देनी पड़ी और चार सदस्यों को चर्चा की मेज पर बिठाया गया जहाँ लेफ्टिनेंट कर्नल डी एस चौहान उप निर्देशक प्रशासन को एक घंटे से भी ज्यादा समय तक जनता की शिकायतों का वो कड़वा घूंट पीना पड़ा जिसे वो सालों से नजरअंदाज कर रहे थे और फिर शुरू हुआ उन वादों का सिलसिला जो तीन महीने में एम्स की काया पलट करने का दावा पेश कर रहे हैं
सरकारी आश्वासनों की चाशनी मांगी 3 माह की मोहलत
इमरजेंसी में अब शाही खातिरदारी होगी एम्स के साहबों ने आश्वासन दिया है कि अब एक्सीडेंट और आगजनी वाले मरीजों के लिए ऐसी अलग दुनिया बसाई जाएगी जहाँ उन्हें भीड़ का सामना नहीं करना पड़ेगा और बर्न यूनिट के नाम पर अलग से वो महल तैयार होगा जहाँ जलने वालों को राहत की ठंडी हवा देने के लिए तीन महीने का मुहूर्त निकाला गया है
पहले थी व्हीलचेयर की कमी अब बोले सैलाब दिखेगा
स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की अब कोई किल्लत नहीं अब तक एम्स में स्ट्रेचर मिलना किसी लॉटरी जीतने जैसा चमत्कार था लेकिन साहब ने बड़े गर्व से घोषणा की है कि 150 स्ट्रेचर की पलटन पहले ही आ चुकी है और व्हीलचेयर का ऐसा सैलाब उमड़ने वाला है कि शायद मरीज पैदल चलना ही भूल जाएं और हर कोई पहियों पर ही घूमता नजर आए
तीन – तीन का वादा तीन महीने में करेंगे पूरा ?
मशीनों की होने वाली है महा खरीद की सेल फिलहाल एक अदद एमआरआई और दो सीटी स्कैन मशीनों के दम पर एम्स अपनी इज्जत जैसे तैसे बचा रहा था लेकिन अब तीन महीने के भीतर यहाँ 3 नई एमआरआई और 3 नई सीटी स्कैन मशीनें ऐसी कतार में खड़ी होंगी जैसे किसी मेले में झूले लगे हों अब मरीजों को अपनी बारी के लिए अगले जन्म का इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी क्योंकि लोजपा के दबाव ने मशीनों का रास्ता साफ कर दिया है
अब नहीं चलेंगी तानाशाही
मेडिकल स्टोर की तानाशाही पर अब चलेगा हंटर एम्स के भीतर वाले मेडिकल स्टोर की वो अजगर जैसी लंबी लाइनें अब इतिहास बनने वाली हैं क्योंकि प्रबंधन अब और भी एजेंसियों को ठेका बांटकर कंपटीशन का बाजार गर्म करने वाला है ताकि किसी एक लाला की मनमानी न चले और मरीजों को दवाइयां ऐसे मिले जैसे सरकारी दफ्तर में तारीख मिलती है
पार्किंग वालों की मनमानी पर लगेगा ब्रेक
पार्किंग का नया और अनोखा मास्टर प्लान एम्स की पार्किंग को जो लोग मुफ्त का गैरेज समझकर हफ्तों गाड़ी खड़ी कर देते थे अब उनकी खैर नहीं लोजपा के क्रांतिकारी प्रस्ताव पर विचार हुआ है कि अब मरीजों और परिजनों को अपना चिकित्सा कार्ड दिखाने पर सस्ते में 24 घंटे की पार्किंग मिलेगी जिससे बाहरी घुसपैठिए रफूचक्कर हो जाएंगे और डॉक्टर साहबों को भी अपनी गाड़ी लगाने के लिए जगह नहीं मांगनी पड़ेगी ।
सारे टेस्ट को एक ही छत के नीचे कराने की मांग
नन्हे बच्चों और कैंसर मरीजों के सुनहरे दिन नियोनेटल यूनिट में 15 नए इनक्यूबेटर और बोन मैरो की सुविधा चार महीने में ऐसे चालू होगी जैसे कोई हाईटेक नर्सरी खुल रही हो और नया रायपुर में तो कैंसर यूनिट का ऐसा सपना दिखाया गया है कि मरीज अभी से अपनी खुशी के आंसू पोंछने लगे हैं लैब का चक्कर अब नहीं लगाएगा चक्कर एम्स प्रशासन ने निर्णय लिया है कि पूरी टेस्टिंग लैब को एक ही छत के नीचे सिमट दिया जाएगा ताकि मरीजों को खून और पेशाब की जांच के लिए अस्पताल का नक्शा न याद करना पड़े और काउंटरों की भीड़ को गायब करने के लिए ऑटोमेशन का ऐसा मंत्र फूंका जाएगा कि लाइनें अपने आप हवा हो जाएंगी ।
लोजपा के प्रदर्शन से आमजनों को मिलेगी राहत,मरीज के साथ परिजनों में भी खुशी
लोजपा रामविलास के इस महाप्रदर्शन ने एम्स प्रशासन को नींद से तो जगा दिया है लेकिन असली खेल तो तीन महीने बाद शुरू होगा जब इन आश्वासनों का हिसाब मांगा जाएगा रायपुर की जनता अब ये देखने के लिए बेताब है कि एम्स वाकई हाईटेक अस्पताल बनता है या फिर से साजू वी थॉमस को अपना दमदार रवैया लेकर गेट नंबर 1 पर दरी बिछानी पड़ती है क्योंकि वादे हैं वादों का क्या ?