CM के कार्यक्रम में सुरक्षा फेल! काले झंडों के साथ घुसे कांग्रेसी, VIP गेट पर हंगामा

Photo of author

By Himanshu Sangani

आदित्या शुक्ला / धमतरी

धमतरी | मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के धमतरी आगमन पर बुधवार को सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक सामने आई। एकलव्य खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं ने वीवीआईपी गेट नंबर 1 पर पहुंचकर नारेबाजी शुरू कर दी। हाथों में काले झंडे और सिर पर काली पट्टी बांधकर आए प्रदर्शनकारियों ने “मुख्यमंत्री मुर्दाबाद” के नारे लगाए, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

कैसे हुई सुरक्षा में सेंध?

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद होने का दावा किया गया था, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सीधे वीवीआईपी गेट तक पहुंचना प्रशासन की बड़ी नाकामी को उजागर करता है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों के सामने “लक्चर कानून व्यवस्था” का पंपलेट लहराते हुए नारेबाजी की।

पुलिस हरकत में आई, कांग्रेस कार्यकर्ता हिरासत में

करीब 8 से 10 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने तत्काल घेर लिया और स्कॉर्पियो में बैठाकर कार्यक्रम स्थल से दूर ले गई। इस दौरान एडिशनल एसपी मणि शंकर चंद्रा और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि कांग्रेस शहर ब्लॉक महामंत्री आशुतोष खरे को पुलिसकर्मियों से झड़प के दौरान एक झापड़ भी पड़ा, जिससे माहौल और गर्मा गया।

सियासी तकरार तेज, कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप

घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता की आवाज दबाने के लिए पुलिस का दुरुपयोग कर रही है। वहीं, भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस जानबूझकर अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है।

वीडियो वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सवाल उठ रहे हैं कि जब मुख्यमंत्री का कार्यक्रम था, तब प्रदर्शनकारी वीवीआईपी गेट तक कैसे पहुंच गए? क्या सुरक्षा में चूक हुई या इसे हल्के में लिया गया?

कृपया शेयर करें

अधिमान्य पत्रकार गरियाबंद

लगातार सही खबर सबसे पहले जानने के लिए हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़े

Join Now

Join Telegram

Join Now

error: Content is protected !!