गरियाबंद में गांजा तस्करी के दो मामलों में 78 किलो 100 ग्राम गांजा और दो वाहन जब्त,नवागढ़ में 60 किलो गांजा लदी अर्टिगा पानी में गिरी, आरोपी फरार,दूसरी कार्रवाई में मां-बेटे गिरफ्तार, पढ़े पूरी ख़बर पैरी टाईम्स पर।
गरियाबंद जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार को महज 12 घंटे के भीतर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल 78 किलो 100 ग्राम गांजा जब्त किया। जब्त गांजे और वाहनों की कुल कीमत करीब 39 लाख रुपये बताई जा रही है। देर शाम को नवागढ़ पुलिस और स्पेशल टीम ने 60 किलो गांजा बरामद करते हुए एक अर्टिगा वाहन जब्त किया, जबकि पहली कार्रवाई में देवभोग थाना क्षेत्र के ख़ुटगांव नाका के पास 18 किलो 100 ग्राम गांजा के साथ मां-बेटे को पकड़ा गया।

गरियाबंद में गांजा तस्करी नवागढ़ में बैरिकेड्स तोड़कर भागने की कोशिश, हादसे के बाद आरोपी फरार
गांजा तस्करी के दूसरे मामले में नवागढ़ पुलिस और स्पेशल टीम ने बड़ी कार्रवाई की। जानकारी के मुताबिक, पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को टक्कर मारकर तस्करी के संदेह में वाहन सवारों ने भागने की कोशिश की। हालांकि, कुछ किलोमीटर आगे मोड़ के पास वाहन अनियंत्रित होकर पानी में जा गिरा। इसके बाद वाहन में सवार आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद नवागढ़ पुलिस और स्पेशल टीम ने अर्टिगा वाहन की तलाशी ली तो उसमें गांजे के 15 पैकेट मिले। प्रत्येक पैकेट में करीब चार किलो गांजा होने के आधार पर कुल 60 किलो गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं, अर्टिगा वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। हालांकि, इस मामले में आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
सुबह ख़ुटगांव नाका पर चेकिंग के दौरान मां-बेटे पकड़ाए
सुबह पहली कार्रवाई देवभोग थाना क्षेत्र के ख़ुटगांव नाका के पास हुई। यहां वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक ईको कार से 18 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया। मामले में पुलिस ने रतनपुर निवासी मां-बेटे को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे की कीमत करीब नौ लाख रुपये, कार की कीमत तीन लाख रुपये और मोबाइल की कीमत पांच हजार रुपये आंकी गई है। इस मामले में कुल 12 लाख पांच हजार रुपये की संपत्ति जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।
एक दिन में दो कार्रवाई, तस्करी पर पुलिस की नजर
शुक्रवार को हुई दोनों कार्रवाइयों में कुल 78 किलो 100 ग्राम गांजा और दो वाहन जब्त किए गए। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 39 लाख रुपये है, जबकि दोनों वाहनों की कीमत लगभग 13 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह गांजे और वाहनों की कुल कीमत करीब 52 लाख 5 हजार रुपये होती है।
लगातार हुई इन कार्रवाइयों से गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस की सक्रियता सामने आई है। अब नवागढ़ मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और गांजे की खेप के स्रोत का पता लगाना पुलिस के लिए अहम होगा।