गरियाबंद गुजराती समाज के 68 साल पुराने रास गरबा आयोजन में विधायक रोहित साहू शामिल हुए, टीन शेड की घोषणा और गरबा के लिए जमीन देने का आश्वासन मिला पढ़े पूरी ख़बर पैरी टाईम्स पर ।
गरियाबंद नवरात्र के पावन अवसर पर गरियाबंद में गुजराती समाज की पारंपरिक रास गरबा की रंगारंग छटा देखने को मिल रही है। मजरकट्टा स्थित निषाद समाज भवन में आयोजित रास गरबा कार्यक्रम के छठवें नवरात्र पर राजिम विधायक रोहित साहू शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने न केवल समाज की सांस्कृतिक परंपरा की सराहना की, बल्कि टीन शेड निर्माण के लिए सौगात देने की घोषणा भी की। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष रिखी राम यादव ने गुजराती समाज को रास गरबा आयोजन के लिए व्यवस्थित भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

गरियाबंद गुजराती समाज पिछले 68 साल से परंपरा और संस्कृति को सहेज रहा
रास गरबा कार्यक्रम में पहुंचे विधायक रोहित साहू का गुजराती समाज के वरिष्ठजनों ने स्वागत किया। इस अवसर पर हरीश ठक्कर, भरत वखारिया, संजय वखारिया, नितिन वखारिया, घनश्याम सरवैया, अरविंद खिलोसिया सहित समाज के अनेक सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रिखी राम यादव, आशीष शर्मा, सुरेंद्र सोनटेके, राधेश्याम सोनवानी सहित कई भाजपा नेता भी शामिल हुए।
अपने उद्बोधन में विधायक रोहित साहू ने गुजराती समाज की पारंपरिक गरबा-रास संस्कृति की सराहना करते हुए कहा कि नवरात्र के दौरान देशभर में गरबा की धूम रहती है। इस पर्व में बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर मां दुर्गा की आराधना करते हैं। गुजराती समाज ने अपनी पारंपरिक गरबा संस्कृति को निरंतर जीवंत रखा है और नई पीढ़ी को भी इसके संस्कार दे रहा है।
उन्होंने कहा कि परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके बाद विधायक रोहित साहू ने समाज के लोगों के साथ पारंपरिक रास गरबा में भी सहभागिता की।

विधायक ने की टीन शेड देने की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान विधायक रोहित साहू ने गुजराती समाज की आवश्यकता को देखते हुए टीन शेड उपलब्ध कराने की घोषणा की। इससे समाज को अपने आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष रिखी राम यादव ने कहा कि गुजराती समाज पिछले 68 वर्षों से गरियाबंद में पारंपरिक वेशभूषा और अनुशासन के साथ रास गरबा का आयोजन करता आ रहा है। बचपन से ही वे समाज के लोगों को इस परंपरा का निर्वहन करते देख रहे हैं। ऐसे आयोजन में शामिल होना उनके लिए गर्व की बात है।
गरबा आयोजन के लिए व्यवस्थित जमीन देने का आश्वासन
नगर पालिका अध्यक्ष रिखी राम यादव ने विधायक द्वारा टीन शेड की घोषणा के बाद गुजराती समाज को गरियाबंद शहर में रास गरबा आयोजन के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में समाज को आयोजन के लिए उपयुक्त जगह देने की दिशा में पहल की जाएगी।
अब गुजराती समाज को टीन शेड की घोषणा के साथ ही स्थायी और व्यवस्थित आयोजन स्थल मिलने की उम्मीद भी जगी है। यदि यह पहल जमीन पर उतरती है, तो आने वाले वर्षों में गरियाबंद की यह पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत और बेहतर सुविधाओं के साथ आगे बढ़ सकेगी।