गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को अब केंद्र सरकार देगी 3.50 लाख तक की आर्थिक सहायता, गरियाबंद प्रशासन की अपील मरीज योजना की जानकारी लेकर लाभ उठाये ।

Sangani

By Sangani

गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को गरियाबंद में अब इलाज के लिए 3.50 लाख तक सहायता मिलेगी, कलेक्टर रणवीर शर्मा और सीएमएचओ ने पात्र मरीजों से योजना का लाभ लेने की अपील की पढ़े पूरी खबर ।

गरियाबंद गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक तंगी अब अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के मरीजों के लिए बड़ी बाधा नहीं बनेगी। केंद्र सरकार की डॉ. अंबेडकर मेडिकल एड स्कीम के तहत पात्र मरीजों को इलाज के लिए 3 लाख 50 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है। गरियाबंद कलेक्टर रणवीर शर्मा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी यू के नवरत्ने ने जिले के लोगों से अपील की है कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित पात्र मरीज शासन की इस योजना का लाभ उठाएं।

गंभीर बीमारी

गंभीर बीमारी.. किडनी, कैंसर, हार्ट और ब्रेन सर्जरी के मरीजों को राहत

भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत डॉ. अंबेडकर फाउंडेशन द्वारा संचालित इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता देना है। योजना के तहत मरीजों को बीमारी के प्रकार के अनुसार ऑपरेशन, अंग प्रत्यारोपण, डायलिसिस और अन्य विशेष चिकित्सा उपचार के लिए सहायता प्रदान की जाती है।

योजना में हार्ट सर्जरी, किडनी की बीमारी, डायलिसिस, कैंसर उपचार, कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी, ब्रेन सर्जरी, किडनी एवं अन्य अंगों का प्रत्यारोपण, रीढ़ की हड्डी की सर्जरी सहित अन्य जानलेवा बीमारियां शामिल हैं।

बीमारी के अनुसार निर्धारित सहायता राशि

योजना के तहत हार्ट सर्जरी के लिए अधिकतम 1.50 लाख रुपये, किडनी सर्जरी एवं डायलिसिस के लिए 3.50 लाख रुपये, कैंसर के ऑपरेशन, कीमोथेरेपी एवं रेडियोथेरेपी के लिए 2.50 लाख रुपये, ब्रेन सर्जरी के लिए 2 लाख रुपये तथा किडनी एवं अन्य अंगों के प्रत्यारोपण के लिए 3.50 लाख रुपये तक सहायता निर्धारित है। वहीं रीढ़ की हड्डी की सर्जरी के लिए 1.50 लाख रुपये और अन्य जानलेवा बीमारियों के इलाज के लिए अधिकतम 2 लाख रुपये तक की सहायता मिल सकती है।

सहायता राशि सीधे मरीज को नहीं, बल्कि संबंधित अस्पताल को जारी की जाती है। पात्रता के लिए मरीज के परिवार की वार्षिक आय 5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

आवेदन के लिए इन दस्तावेजों की होगी जरूरत

योजना का लाभ लेने के लिए मरीज को आवेदन के साथ जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, राशन कार्ड अथवा आधार कार्ड की स्वप्रमाणित प्रति और अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट द्वारा प्रमाणित इलाज या ऑपरेशन के अनुमानित खर्च का प्रमाण पत्र जमा करना होगा।

आवेदन निदेशक, डॉ. अंबेडकर फाउंडेशन, 15 जनपथ, नई दिल्ली-110001 के पते पर भेजा जा सकता है। ऑपरेशन, डायलिसिस अथवा कीमोथेरेपी की निर्धारित तारीख से कम से कम 15 दिन पहले आवेदन फाउंडेशन तक पहुंचना जरूरी है।

गरियाबंद स्वास्थ्य विभाग से कर सकते हैं संपर्क

गरियाबंद कलेक्टर रणवीर शर्मा एवं सीएमएचओ यू के नवरत्ने ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के पात्र मरीज इस योजना की जानकारी लेकर आर्थिक सहायता के लिए आवेदन करें। योजना से संबंधित जानकारी, आवेदन प्रक्रिया या दस्तावेजों को लेकर किसी प्रकार की परेशानी आने पर मरीज एवं उनके परिजन गरियाबंद स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर सकते हैं।

योजना के तहत एम्स सहित विभिन्न सरकारी एवं निर्धारित मान्यता प्राप्त अस्पतालों में इलाज की सुविधा उपलब्ध है। गंभीर बीमारी के इलाज में आर्थिक परेशानी झेल रहे परिवारों के लिए यह योजना बड़ी राहत बन सकती है। जरूरत है कि पात्र मरीज समय रहते योजना की जानकारी प्राप्त कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि इलाज के लिए आर्थिक सहायता मिल सके।

यह भी पढ़ें ..गरियाबंद के कांजी हाउस में कुत्तों की ‘सेवा’ गोवंश सड़क पर हो रहे घायल, कई बार मांग के बाद भी गोवंश के लिए नगर पालिका से नहीं मिल रहा सुरक्षित ठिकाना ।

कृपया शेयर करें

लगातार सही खबर सबसे पहले जानने के लिए हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़े

Join Now

Join Telegram

Join Now

error: Content is protected !!