देवभोग में तलवार लहराकर दहशत मचाने वालों पर कार्यवाही सार्वजनिक स्थानों पर तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार,पुलिस ने दोनों से 2 धारदार तलवारें जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की।
गरियाबंद देवभोग थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर धारदार तलवार लहराकर राहगीरों को डराने और दहशत फैलाने के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक लोहे की धारदार तलवार बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

देवभोग में तलवार लहराकर दहशत, मंडी के पास तलवार लहराकर राहगीरों को डरा रहा था युवक
पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर 2026 को देवभोग पुलिस टाउन पेट्रोलिंग और अपराधों की पतासाजी के लिए निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गुड़भेली निवासी रूपेश यादव देवभोग मंडी के पास मुख्य मार्ग पर हाथ में धारदार तलवार लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक लोहे की धारदार तलवार बरामद की गई।
झाराबहाल पुलिया के पास भी तलवार लेकर फैला रहा था भय
इसी दिन पुलिस को दूसरी सूचना ग्राम झाराबहाल पुलिया के पास मुख्य मार्ग पर मिली। यहां ग्राम गोलामाल निवासी रिंकु उर्फ ओंकार सोनवानी तलवार लहराकर आने-जाने वाले लोगों में भय पैदा कर रहा था।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया। उसके कब्जे से भी एक लोहे की धारदार तलवार जब्त की गई।
आर्म्स एक्ट के तहत दोनों के खिलाफ कार्रवाई
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना देवभोग में अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं। दोनों के विरुद्ध धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में रूपेश यादव (22 वर्ष), पिता मंगल सिंह यादव, निवासी ग्राम गुड़भेली, तथा रिंकु उर्फ ओंकार सोनवानी (31 वर्ष), पिता लछिन्दर सोनवानी, निवासी ग्राम गोलामाल, थाना देवभोग, जिला गरियाबंद शामिल हैं।
जिले में सार्वजनिक स्थानों पर अवैध हथियार लेकर लोगों में भय फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ।
यह भी पढ़ें ….गरियाबंद के कॉलेज में रक्तदान शिविर जिंदगी बचाने आगे आए युवा, 30 यूनिट किया रक्तदान ।