OLX वाला शॉर्टकट गरियाबंद पुलिस ने OLX पर चोरी के कैमरे बेचने वाले शातिर सतीश बंजारे को किया गिरफ्तार,दोस्ती के नाम पर 1 लाख 62 हजार का सामान ठगने वाले आरोपी का स्मार्ट बिजनेस प्लान हुआ फेल, पढ़ें पूरी खबर पैरी टाईम्स में ।
गरियाबंद दुनिया में टैलेंट की कमी नहीं है, बस सही प्लेटफॉर्म मिलना चाहिए…सारंगढ़ के एक होनहार युवक सतीश कुमार बंजारे ने स्टार्टअप की दुनिया में एक ऐसा क्रांतिकारी कदम उठाया कि खुद पुलिस भी दंग रह गई,सतीश का मॉडल बड़ा सिंपल था कैमरा मांगो दोस्त से और उसे बेच डालो OLX पर हालांकि, इससे पहले कि उनके इस जादुई बिजनेस का आईपीओ आता, छुरा पुलिस ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया ।

OLX वाला शॉर्टकट दोस्ती, विश्वास और एक महंगा धोखा
किस्सा कुछ यूं है कि 14 मार्च को सतीश बाबू ने प्रार्थी से बड़े ही भोलेपन के साथ Nikon D-7500 और D-7000 जैसे महंगे कैमरे और तामझाम उधार मांगे,वादा किया था कि 17 मार्च तक वापस कर देंगे। प्रार्थी को क्या पता था कि सतीश जी कैमरे से फोटो खींचने के शौकीन नहीं, बल्कि उसे परमानेंटली ठिकाने लगाने के शौकीन हैं।
डिजिटल इंडिया का गलत इस्तेमाल
सतीश ने सोचा होगा कि कैमरे वापस करने में क्या रखा है, क्यों न इन्हें सीधे OLX पर चढ़ा दिया जाए? उन्होंने बकायदा सामान की लिस्टिंग कर दी। लेकिन शायद वो भूल गए कि पुलिस भी अब डिजिटल जमाने की है। जैसे ही प्रार्थी को इस धोखाधड़ी की भनक लगी, उन्होंने छुरा थाने में शिकायत दर्ज करा दी।
पुलिस की स्पेशल सर्विस और गिरफ्तारी
छुरा पुलिस ने बिना देर किए सतीश बंजारे (24 वर्ष) को सारंगढ़ से ढूंढ निकाला। पुलिस ने जब पूछताछ की, तो सतीश के पास अपने इस यूनिक सेलिंग प्रपोजल (USP) का कोई जवाब नहीं था। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 1 लाख 62 हजार रुपये का कीमती सामान जप्त किया है, जिसमें कैमरे, फ्लैश लाइट, बैटरी और चार्जर शामिल हैं।
फिलहाल, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(2) और 316(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब सतीश जी जेल की सलाखों के पीछे बैठकर सोच रहे होंगे कि काश,OLX पर खुद को बेचने की कोशिश न की होती ।