गरियाबंद में पेट्रोल-डीजल का महासंकट अफवाहों और पैनिक बाइंग के चलते शहर के लगभग सभी पेट्रोल पंप हुए खाली, सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात, पूरी खबर पढ़ें पैरी टाईम्स पर ।
गरियाबंद जिले में पेट्रोल डीजल की कमी और 20 से 25 रुपए प्रति लीटर रेत बढ़ने की अफवाह ने ऐसा तूफान खड़ा किया है कि शहर के पेट्रोल पंपों पर तेल-अकाल की स्थिति पैदा हो गई है। रेट बढ़ने की आशंका और तेल की कमी की खबरों के बीच कल शाम से ही पेट्रोल पंपों के बाहर गाड़ियों की मील लंबी कतारें लग गई हैं। आलम यह है कि शहर के 5 प्रमुख पेट्रोल पंपों में से 3 में स्टॉक पूरी तरह खत्म हो चुका है, जबकि बाकी बचे 2 पंपों पर गिनती के मिनटो का ईंधन बचा है।

गरियाबंद में पेट्रोल-डीजल का महासंकट पैनिक बाइंग जरूरत से ज्यादा की होड़
इंडियन पेट्रोल पंप के संचालक ने बताया कि यह संकट सप्लाई चेन की वजह से नहीं, बल्कि पैनिक बाइंग (Panic Buying) और रेट बढ़ने की अफवाहों की वजह से हुआ है। उन्होंने बताया, हमारे यहाँ रोजाना 18 हजार लीटर तेल की खपत होती थी, जो कम से कम 3 दिन चलता था। लेकिन कल शाम से मची भगदड़ के कारण कुछ ही घंटों में 18 हजार लीटर पेट्रोल-डीजल साफ हो गया।
जिनकी गाड़ियों की टंकी लगभग फुल है, वे भी अंतिम कुछ लीटर के लिए घंटों लाइन में खड़े हैं। भीड़ को देखते हुए प्रशासन के निर्देश पर राशनिंग शुरू कर दी गई है। अब बाइक वालों को मात्र 100-200 और कार वालों को 5 सौ रुपये का तेल दिया जा रहा है।

साप्ताहिक बाजार पर संकट के बादल
आज शुक्रवार है और गरियाबंद में साप्ताहिक बाजार का दिन है। दूर-दराज के गांवों से लोग राशन और सब्जी खरीदने आते हैं, लेकिन आवाजाही के साधनों में ईंधन न होने के कारण बाजार की रौनक फीकी पड़ने के आसार हैं। पैनिक की वजह से कई जगहों पर झड़प और बहसबाजी की खबरें भी आई हैं, जिसके बाद प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के जवानों को पेट्रोल पंपों पर तैनात कर दिया है।
महज 3 दाम बढ़ने पर 25 की अफवाह
पेट्रोल पंपों पर उमड़ रही इस भीड़ के पीछे एक और वजह कीमतों को लेकर फैली एक बड़ी गलतफहमी है। दरअसल, आज ईंधन की कीमतों में प्रति लीटर 3 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन आम जनता के बीच यह अफवाह जंगल की आग की तरह फैल गई कि पेट्रोल और डीजल के दाम सीधे 20 से 25 रुपये प्रति लीटर बढ़ने वाले हैं। इसी 25 के बड़े झटके से बचने के चक्कर में लोग आनन-फानन में अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने पेट्रोल पंपों पर टूट पड़े हैं, जिसने प्रशासनिक व्यवस्था की चिंता बढ़ा दी है।
नई खेप आने की उम्मीद, मगर पैनिक बाइंग पर संशय
नगर के सभी पेट्रोल पंप संचालकों ने राहत की उम्मीद जताते हुए कहा है कि आज देर शाम या रात तक पेट्रोल-डीजल की नई खेप (सप्लाई) गरियाबंद पहुँच जाएगी। हालांकि, संचालकों ने यह चेतावनी भी दी है कि यदि लोग इसी तरह पैनिक बाइंग और अफवाहों में भरोसा करते रहे और जरूरत से ज्यादा तेल का स्टॉक करने की होड़ मची रही, तो आने वाला नया स्टॉक भी ज्यादा देर नहीं टिक पाएगा। प्रशासन और पंप प्रबंधकों ने नागरिकों से केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन खरीदने की अपील की है ताकि व्यवस्था सामान्य बनी रहे।
प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक बाइंग से बचें।