गरियाबंद में फिर लौटा खूंखार तेंदुआ पैंटोरा और चट्टानपारा इलाके में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। 30 घंटे में तीसरी वारदात के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। देर रात हुई घटना के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर है और तेंदुए को पकड़ने के लिए लगातार ट्रैकिंग जारी है।
गरियाबंद में तेंदुए का खौफ अब लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटे में दो मासूम बच्चों पर हमले के बाद अब देर रात तेंदुए ने एक और शिकार कर इलाके में दहशत फैला दी। इस बार तेंदुए ने चट्टानपारा के पास एक कुत्ते को दबोचकर जंगल की ओर घसीट लिया। लगातार हो रही घटनाओं के बाद ग्रामीण रात होते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं।

गरियाबंद में फिर लौटा खूंखार तेंदुआ,उसी इलाके में फिर लौटा तेंदुआ जहां पहले कर चुका था हमला
जानकारी के मुताबिक बीती रात पैंटोरा और चट्टानपारा इलाके में फिर तेंदुए की हलचल देखी गई। बताया जा रहा है कि जिस जगह पर 5 वर्षीय मासूम को उठाने की कोशिश हुई थी उसी इलाके में तेंदुआ दोबारा पहुंचा और इस बार एक कुत्ते को अपना शिकार बना लिया।
कोदोबतर निवासी गोल चंद्राकर ने बताया कि देर रात अचानक कुत्तों के भौंकने की आवाज आई। बाहर निकलकर देखा तो तेंदुआ एक कुत्ते को दबोचकर जंगल की ओर ले जा रहा था। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई।
30 घंटे में तीन हमलों से सहमे ग्रामीण
गौरतलब है कि एक दिन पहले पैंटोरा में 5 साल की मासूम बच्ची पर हमला हुआ था जबकि उससे पहले चट्टानपारा में 10 साल के बच्चे को उठाने की कोशिश की गई थी। अब लगातार तीसरी घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी डर और आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ लगातार आबादी वाले इलाकों में घूम रहा है लेकिन अब तक उसे पकड़ने में सफलता नहीं मिल पाई है। लोग बच्चों को घर से बाहर निकालने में भी डर महसूस कर रहे हैं।
वन विभाग ने लगाया पिंजरा, तेंदुए को ट्रैक करने में जुटी टीम
गरियाबंद एसडीओ राकेश चौबे ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग लगातार तेंदुए को ट्रैक कर रहा है। पदचिह्नों के आधार पर उसकी लोकेशन तलाश की जा रही है। जिस जगह पर हमला हुआ था वहां वन विभाग ने पिंजरा भी लगाया है।
उन्होंने कहा कि विभाग की कोशिश है कि आगे कोई और घटना न हो और जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाए।
यह भी पढ़ें …USTR में मिला रहस्यमयी हिमालयी कछुआ… उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में दुर्लभ प्रजाति की एंट्री से वैज्ञानिक भी हैरान ।
यह भी देखे…खौफनाक तेंदुए के जबड़े से मासूम को खींच लाए माता पिता, 24 घंटे में दूसरा शिकार दहल उठा इलाका ।