गरियाबंद और देवभोग पुलिस की बड़ी कार्रवाई। 24 घंटे में 3 गांजा तस्करी केस का खुलासा, 33 किलो और 6 किलो गांजा बरामद, कई आरोपी गिरफ्तार पढ़ें पूरी खबर पैरी टाईम्स पर।
गरियाबंद गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस की लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। पिछले 24 घंटे के भीतर जिले में तीसरी बड़ी कार्रवाई सामने आने के बाद अब यह सवाल उठने लगा है कि आखिर गरियाबंद कहीं गांजा तस्करों का नया ट्रांजिट रूट तो नहीं बनता जा रहा।
पहले देवभोग थाना क्षेत्र में डेढ़ क्विंटल गांजा पकड़ा गया, फिर गरियाबंद सिटी कोतवाली पुलिस ने 33 किलो गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और अब एक बार फिर देवभोग पुलिस ने 6 किलो 30 ग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को दबोच लिया है।

सिटी कोतवाली के सामने चल रही थी चेकिंग, तभी शुरू हुआ फिल्मी पीछा
जानकारी के मुताबिक गरियाबंद पुलिस द्वारा सिटी कोतवाली के सामने वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मारुति इको कार क्रमांक UP32 MK 6731 को रोकने का इशारा किया गया।
लेकिन पुलिस को देखते ही वाहन चालक ने कार तेज रफ्तार में भगाना शुरू कर दिया। अचानक हुई इस हरकत से पुलिस सतर्क हो गई और तत्काल वाहन का पीछा शुरू किया गया। करीब 3 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने भिलाई मोड़ के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया ।
कार की तलाशी लेते ही खुल गया बड़ा राज
पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो कार के भीतर भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान कुल 33 किलो गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। आरोपियों के पास से कुल 20 लाख 8 हजार की जप्ती की गई है
देवभोग में फिर कार्रवाई, पैदल तस्करी कर रहा युवक गिरफ्तार
इधर देवभोग थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक और कार्रवाई करते हुए उड़ीसा बॉर्डर से पैदल छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी करने आ रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 6 किलो 30 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजा की कीमत करीब 3 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।
24 घंटे में तीन कार्रवाई से पुलिस अलर्ट मोड पर
गरियाबंद जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार आक्रामक नजर आ रही है। इससे पहले देवभोग थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उस मामले में पुलिस ने एक स्विफ्ट डिजायर कार से करीब डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद किया था।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ संकेत मिल रहे हैं कि गरियाबंद पुलिस अब नशे के कारोबारियों के खिलाफ पूरी ताकत से मैदान में उतर चुकी है। गरियाबंद पुलिस ने 24 घंटे में लगभग 190 किलो गांजा जब्त किया है
पुलिस जांच में जुटी, नेटवर्क खंगालने की तैयारी
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच इस बात की भी की जा रही है कि गांजा की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। पुलिस को अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें…गरियाबंद में फिर लौटा खूंखार तेंदुआ 30 घंटे में तीसरी वारदात से दहला इलाका रातभर जंगल किनारे मचा हड़कंप ।