गरियाबंद के राजिम में पुलिस ने 13.775 किलो गांजा, कार और मोबाइल सहित 14.12 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की,2 विधि से संघर्षरत बालकों सहित 5 लोगों पर कार्रवाई पढ़े पूरी ख़बर पैरी टाईम्स पर।
गरियाबंद ऐसा लग रहा था मानो तस्करों ने स्विफ्ट डिजायर को मालवाहक वाहन समझ लिया हो। लेकिन उनकी यह ‘स्मार्ट ड्राइव’ राजिम पुलिस की सतर्क निगाहों से बच नहीं सकी। मुखबिर की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने जोरा तालाब के पास घेराबंदी कर एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार को रोका और जब तलाशी ली गई तो कार के भीतर से गांजे की बड़ी खेप बरामद हो गई।
राजिम थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अवैध नशे के कारोबारियों के लिए गरियाबंद पुलिस लगातार चुनौती बनी हुई है।

मुखबिर की सूचना बनी तस्करों के लिए मुसीबत
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा नंबर की एक स्विफ्ट डिजायर कार में भारी मात्रा में अवैध गांजा भरकर कौंदकेरा की ओर से राजिम लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम सक्रिय हुई और जोरा तालाब के पास नाकेबंदी कर दी गई।
कुछ ही देर बाद संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोककर जांच शुरू की। तलाशी के दौरान कार से 13.775 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
कार, मोबाइल और गांजा… कुल 14 लाख से ज्यादा की जब्ती
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद गांजे की कीमत 6 लाख 77 हजार 250 रुपये आंकी है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट डिजायर कार जिसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई गई है, उसे भी जब्त कर लिया गया।
साथ ही आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 14 लाख 12 हजार 250 रुपये बताई गई है।
धमतरी और ओडिशा से जुड़े आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने धमतरी और ओडिशा से जुड़े तीन वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके साथ दो विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़े गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में कमलेश यादव, दीपक राव और बेंजामिन सिंह शामिल हैं। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जिले में हो रही लगातार कार्रवाई से तस्करों में बढ़ी बेचैनी
पिछले कुछ दिनों से गरियाबंद जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई देखने को मिल रही है। पुलिस की लगातार सख्ती के कारण नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में बेचैनी बढ़ती नजर आ रही है। राजिम पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।