गरियाबंद बस स्टैंड में सुरक्षा की पोल खुली, इमरजेंसी गेट पर सीटें, लॉक मिले एग्जिट, बिना परमिट दौड़ रही बस जांच के दौरान कई लापरवाही आई सामने ।

Sangani

By Sangani

गरियाबंद बस स्टैंड में सुरक्षा की पोल खुली परिवहन विभाग, ट्रैफिक पुलिस और कोतवाली पुलिस की संयुक्त जांच में कई बसों में सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियां मिलीं। एक बस बिना परमिट, फिटनेस और इंश्योरेंस के संचालित पाई गई, जिसे जब्त कर लिया गया।

गरियाबंद बस स्टैंड में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब जिला परिवहन अधिकारी योगेश्वरी वर्मा, ट्रैफिक पुलिस और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गई। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई इस कार्रवाई ने कई चौंकाने वाले तथ्य उजागर कर दिए।
जांच के दौरान कुल 10 यात्री बसों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से अधिकांश में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। जिन बसों में यात्रियों को सुरक्षित सफर कराने का दावा किया जाता है, उन्हीं बसों में इमरजेंसी एग्जिट तक सुरक्षित नहीं पाए गए।

गरियाबंद बस स्टैंड में सुरक्षा की पोल खुली

गरियाबंद बस स्टैंड में सुरक्षा की पोल खुली,इमरजेंसी गेट पर सीटें, अंदर से लॉक मिले एग्जिट

निरीक्षण के दौरान 6 बसों में इमरजेंसी एग्जिट पर अतिरिक्त सीटें लगाई हुई मिलीं। इतना ही नहीं, कई बसों के इमरजेंसी गेट अंदर से लॉक पाए गए।
विशेषज्ञों की मानें तो किसी दुर्घटना की स्थिति में इमरजेंसी एग्जिट ही यात्रियों की जान बचाने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम होता है। ऐसे में उनका बंद या अवरुद्ध होना गंभीर लापरवाही माना जाता है।

फायर सेफ्टी व्यवस्था भी मिली फेल

जांच में यह भी सामने आया कि अधिकांश बसों में अग्निशमन यंत्र या तो एक्सपायर हो चुके थे या फिर उपलब्ध ही नहीं थे।
यानी यदि बस में आग लगने जैसी कोई घटना होती, तो यात्रियों के पास बचाव का पर्याप्त साधन मौजूद नहीं था। यह स्थिति सीधे तौर पर यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है।

बिना परमिट, फिटनेस और इंश्योरेंस के दौड़ रही थी बस

संयुक्त टीम की कार्रवाई के दौरान एक बस ऐसी भी मिली जो बिना वैध परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र और इंश्योरेंस के संचालित हो रही थी।
नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर बस को तत्काल जब्त कर सिटी कोतवाली थाना परिसर में खड़ा कराया गया। इस कार्रवाई के बाद बस संचालकों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।

चालक-परिचालकों पर भी गिरी कार्रवाई की गाज

निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने बिना निर्धारित वर्दी और अन्य नियमों का पालन नहीं करने वाले चालक एवं परिचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की।
अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा और यात्री सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

जिला परिवहन अधिकारी योगेश्वरी वर्मा ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर आकस्मिक निरीक्षण किए जाते रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें..छत्तीसगढ़ में नहीं थम रहे तीन तलाक के मामले,कुवैत से शाहिद ने दिया फोन पर तलाक, गरियाबंद का इरफान वारसी केस फिर चर्चा में ।

कृपया शेयर करें

लगातार सही खबर सबसे पहले जानने के लिए हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़े

Join Now

Join Telegram

Join Now

error: Content is protected !!