गरियाबंद चाकूबाजी का बड़ा अपडेट चाकूबाजी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वारदात के कुछ ही घंटों में दोनों आरोपी गिरफ्तार। मुखबिर की सूचना पर छिपे आरोपियों को दबोचा गया।
गरियाबंद मंगलवार शाम शराब दुकान के पास हुए चाकूबाजी मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को महज कुछ ही घंटों में पकड़ लिया है। घटना के बाद से फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस को मुखबिर से अहम सूचना मिली, जिसके आधार पर दोनों को हिरासत में लिया गया।
बताया जा रहा है कि चाकूबाजी की वारदात के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए छिपे हुए थे। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर के जरिए उनके ठिकाने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

गरियाबंद चाकूबाजी का बड़ा अपडेट,दोनों फरार आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों की पहचान सोनू खान और सोनू ध्रुव के रूप में हुई है। दोनों को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात के दौरान किस आरोपी की क्या भूमिका थी।
इससे पहले शराब दुकान के पास हुए विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे दिनेश देवबंशी पर चाकू से हमला किया गया था। हमले में घायल दिनेश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर किया गया था।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों ने ली राहत की सांस
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल था। वारदात के बाद आरोपियों के फरार होने से लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं थीं। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।
फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही चाकूबाजी की पूरी घटना और दोनों आरोपियों की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।