जेल के पीछे किस्मत का दरबार… गरियाबंद के आमदी क्षेत्र में उप जेल के पीछे चल रहे काट पत्ती जुए पर सिटी कोतवाली पुलिस ने छापा मारकर 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया,मौके से 8770 नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई पढ़े पूरी ख़बर पैरी टाईम्स पर।
गरियाबंद आमतौर पर जेल के आसपास कानून का खौफ दिखाई देता है, लेकिन गरियाबंद के आमदी क्षेत्र में कुछ लोगों ने शायद इसे अपनी किस्मत चमकाने की सबसे सुरक्षित जगह समझ लिया था। उप जेल के पीछे खुलेआम 52 पत्ती ताश पर दांव लगाकर काट पत्ती का खेल चल रहा था। लेकिन किस्मत का यह खेल उस समय पलट गया जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।

जेल के पीछे किस्मत का दरबार, मुखबिर की सूचना ने बिगड़ा जुआरियों का खेल
मुखबिर की सूचना पर थाना गरियाबंद और स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उप जेल के पीछे आमदी में दबिश दी। पुलिस को देखते ही कई खिलाड़ी ऐसे गायब हुए मानो उनकी किस्मत पहले ही उन्हें खतरे का संकेत दे चुकी हो। हालांकि 8 जुआरी मौके पर ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
मौके से जब्त 52 पत्ते और नगदी
पुलिस ने मौके से 8770 नगद और 52 पत्ती ताश जब्त किया। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
पुलिस की एंट्री के बाद जुआरियों की जीत हार में बदली
इलाके में चर्चा है कि जहां एक ओर जेल लोगों को कानून का पाठ पढ़ाने के लिए बनी है, वहीं उसके पीछे कुछ लोग किस्मत विश्वविद्यालय खोलकर बैठे थे। फर्क सिर्फ इतना था कि यहां डिग्री नहीं, हार-जीत के दांव लगाए जा रहे थे। लेकिन पुलिस की एंट्री ने पूरा खेल बिगाड़ दिया और ताश के पत्तों से सजाई गई बाजी सीधे थाने तक पहुंच गई।
गरियाबंद पुलिस का संदेश
गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के हत्थे चढ़े ये जुआरी
मिथलेश ध्रुव (27), आमदी
राम ध्रुव (19), कोदोबत्तर
तुकाराम ध्रुव (48), आमदी
कुलेश्वर ध्रुव (27), आमदी
महेश ध्रुव (34), आमदी
रूमेश ध्रुव (25), तवरबाहरा
हेम कुमार ध्रुव (28), मजरकट्टा
हेमलाल दीवान (35), आवास पारा आमदी