मैनपुर स्कूल शराब पार्टी खबर का असर .. कथित शराब पार्टी मामले में शिक्षा विभाग सख्त, दोनों शिक्षकों को थमाया कारण बताओ नोटिस ।

Sangani

By Sangani

गरियाबंद के मैनपुर स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) में कथित शराब पार्टी मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बीईओ ने दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। पढ़े पूरी ख़बर पैरी टाईम्स पर।

गरियाबंद मैनपुर विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) में स्कूल समय के दौरान दो शिक्षकों के कथित रूप से शराब सेवन के मामले में खबर सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय ने मामले को गंभीर मानते हुए दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

दोनों शिक्षकों से मांगा गया जवाब

बीईओ कार्यालय द्वारा जारी नोटिस में शिक्षक कमल सिंह दीवान एवं मनोज कुमार भारद्वाज से स्कूल समय में कथित रूप से शराब के नशे में पाए जाने संबंधी प्रकाशित समाचार के आधार पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। नोटिस में उल्लेख है कि विद्यालय समय में इस प्रकार का कथित आचरण शासकीय सेवक के दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही को दर्शाता है तथा यह छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के उल्लंघन की श्रेणी में आ सकता है।

संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित शिक्षकों को स्वयं उपस्थित होकर समाधानकारक एवं संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करना होगा। यदि निर्धारित समय में जवाब नहीं दिया गया अथवा जवाब असंतोषजनक पाया गया, तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए उच्च कार्यालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा और इसकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी संबंधित शिक्षकों की होगी।

बीईओ पहले ही दे चुके थे जांच का भरोसा

मामले के सामने आने के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी देवनाथ बघेल ने कहा था कि उन्हें इस प्रकरण की जानकारी मिली है। उन्होंने आश्वस्त किया था कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। अब कारण बताओ नोटिस जारी होने के बाद विभाग ने अपने आश्वासन पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

अब जांच रिपोर्ट का इंतजार

स्थानीय मीडिया टीम ने दावा किया था कि औचक निरीक्षण के दौरान विद्यालय कार्यालय में दो शिक्षक कथित रूप से शराब का सेवन करते मिले थे। मामले की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आने का दावा किया गया था। इसके बाद पूरे जिले में इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई थी।अब सभी की निगाहें दोनों शिक्षकों के जवाब और विभागीय जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। यदि जांच में आरोपों की पुष्टि होती है, तो शिक्षा विभाग आगे कड़ी विभागीय कार्रवाई कर सकता है। वहीं यदि आरोप सिद्ध नहीं होते हैं, तो जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें…गरियाबंद में शराबी ड्राइवर का कहर.. तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर, फिर सड़क पर मचा ऐसा बवाल कि देखने वालों के उड़ गए होश ।

कृपया शेयर करें

लगातार सही खबर सबसे पहले जानने के लिए हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़े

Join Now

Join Telegram

Join Now

error: Content is protected !!