गरियाबंद के कांजी हाउस में कुत्तों की ‘सेवा’ गोवंश सड़क पर हो रहे घायल, कई बार मांग के बाद भी गोवंश के लिए नगर पालिका से नहीं मिल रहा सुरक्षित ठिकाना ।

Sangani

By Sangani

गरियाबंद के कांजी हाउस में कुत्तों की ‘सेवा’ गोवंश के लिए स्थायी व्यवस्था नहीं, गाय-बछड़े सड़क पर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। कांजी हाउस में कुत्तों का बधियाकरण, नगर पालिका पर सवाल पढ़ें पूरी खबर पैरी टाईम्स पर ।

गरियाबंद गोवंश संरक्षण की बात हो, तो राजनीतिक मंचों से लेकर सरकारी योजनाओं तक प्रतिबद्धता जताने में कोई कमी नहीं दिखाई देती। लेकिन गरियाबंद नगर में जमीनी तस्वीर कुछ अलग ही कहानी बयां कर रही है। यहां गायों के लिए बनाया गया कांजी हाउस तो है, लेकिन उसमें गायों की जगह कुत्तों के बधियाकरण की व्यवस्था चल रही है। गोवंश के हिस्से में फिलहाल शहर की सड़कें, दुर्घटनाएं और चोटें आ रही हैं।

गरियाबंद नगर पालिका में भाजपा की सरकार है। भाजपा गोवंश की रक्षा और संरक्षण को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताती रही है। ऐसे में जिला मुख्यालय में ही गाय-बछड़ों के लिए स्थायी सुरक्षित ठिकाना नहीं होना सवाल खड़े कर रहा है। आखिर गोवंश संरक्षण के दावे और शहर की सड़कों पर भटकते गोवंश की स्थिति के बीच इतना अंतर क्यों?

गरियाबंद के कांजी हाउस में कुत्तों की 'सेवा'

गरियाबंद के कांजी हाउस में कुत्तों की ‘सेवा’ सड़क पर दो बछड़े दुर्घटना के शिकार, एक का पैर काटना पड़ा

बीते दिनों गरियाबंद में दो बछड़े दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक का पैर काटना पड़ा, जबकि दूसरे के पैर में प्लास्टर चढ़ाया गया। गुरुवार रात साईं गार्डन के पास एक बछड़ा गहरे गड्ढे में गिर गया, जिसे रामराज युवा संगठन के युवकों ने रस्सी की मदद से किसी तरह बाहर निकाला।

रामराज युवा संगठन के युवक घायल गोवंश का इलाज करा रहे हैं, लेकिन उपचार के बाद उन्हें रखने के लिए जगह नहीं मिलने से उनकी परेशानी बढ़ रही है। संगठन के युवकों का कहना है कि इस संबंध में कई बार नगर पालिका से चर्चा कर घायल गोवंश के लिए जगह मांगी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं हुई।

कांजी हाउस में कुत्तों की व्यवस्था, गोवंश सड़क पर

देवनिन तालाब के आगे डूमरबयारा क्षेत्र में कांजी हाउस के लिए पूर्व में जगह आरक्षित की गई थी। लेकिन वर्तमान में वहां कुत्तों के बधियाकरण का कार्य चल रहा है। यानी जिस जगह को गोवंश के लिए सुरक्षित रखने की बात थी, वहां फिलहाल दूसरी व्यवस्था संचालित हो रही है और गाय-बछड़े शहर की सड़कों पर भटकने को मजबूर हैं।

नगर पालिका का जवाब कांजी हाउस का प्रावधान खत्म ?

नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव का कहना है कि सरकार ने कांजी हाउस का प्रावधान समाप्त कर दिया है और किसी भी जानवर को बांधकर या रोककर नहीं रखा जा सकता। डूमरबयारा की जगह को कुछ समय के लिए कुत्तों के बधियाकरण हेतु दिया गया है। भूमि उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका को राजस्व विभाग से अनुमति लेनी पड़ती है।

अब सवाल यह है कि जब गोवंश सड़क पर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहा है, तो उसकी सुरक्षा की व्यवस्था आखिर कौन करेगा? भाजपा की नगर सरकार में गोवंश संरक्षण के दावे अपनी जगह हैं, लेकिन गरियाबंद की सड़कों पर भटकती गायों और घायल बछड़ों की तस्वीर व्यवस्था से एक सीधा सवाल पूछ रही है गोवंश की रक्षा की प्रतिबद्धता आखिर जमीन पर कब दिखाई देगी?

यह भी पढ़ें …करका के जंगल में बड़ा खुलासा, 1 लाख पेड़ों को नुकसान, 102 हेक्टेयर वनभूमि पर कब्जा, अतिक्रमण हटाने पहुंची 400 की टीम ।

कृपया शेयर करें

लगातार सही खबर सबसे पहले जानने के लिए हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़े

Join Now

Join Telegram

Join Now

error: Content is protected !!