गरियाबंद में किराएदार खोजो अभियान पुलिस ने किराएदार सत्यापन के लिए 105 घरों में सघन जांच अभियान चलाया, 6 टीमों ने घर-घर पहुंचकर सत्यापन किया और मकान मालिकों को समाधान ऐप की जानकारी दी पढ़ें पूरी खबर पैरी टाईम्स पर।
गरियाबंद आमतौर पर लोग किराएदार ढूंढने में व्यस्त रहते हैं, लेकिन इस बार गरियाबंद पुलिस किराएदारों को ढूंढने और उनकी पूरी जानकारी जुटाने में जुट गई है। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने ऐसा अभियान शुरू किया है, जिसे देखकर कई मकान मालिकों को अपने पुराने रजिस्टर और कागजात तक खंगालने पड़ गए।जिला मुख्यालय होने के कारण गरियाबंद में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, व्यापारी और रोजगार की तलाश में बाहर से आए लोग बड़ी संख्या में निवास करते हैं। ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह रहती है कि कौन कहां से आया है और उसका आपराधिक रिकॉर्ड क्या है।

गरियाबंद में किराएदार खोजो अभियान.. 6 पुलिस टीमों ने एक दिन में 105 घरों की जांच
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के दर्रापारा (केशोडार) में विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुलिस की ।6 अलग-अलग टीमों ने घर-घर पहुंचकर किराएदारों और वहां निवासरत लोगों का भौतिक सत्यापन किया।एक ही दिन में कुल 105 घरों की सघन जांच की गई। पुलिस ने मकान मालिकों से किराएदारों की जानकारी निर्धारित प्रपत्र में भरवाकर रिकॉर्ड तैयार किया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में उनके मूल निवास क्षेत्र के थानों से आपराधिक रिकॉर्ड भी मंगाया जा रहा है।
अब समाधान ऐप बनेगा मकान मालिकों का नया सहायक
अभियान के दौरान पुलिस ने मकान मालिकों को समाधान ऐप के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अब किराएदार सत्यापन की प्रक्रिया को तकनीकी रूप से आसान बनाया जा रहा है ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की परेशानी या सुरक्षा संबंधी जोखिम को कम किया जा सके।व्यंग्य की भाषा में कहें तो अब केवल आधार कार्ड देखकर किराएदार रखने का दौर धीरे-धीरे खत्म होता दिखाई दे रहा है। आने वाले समय में पहले सत्यापन, फिर किरायेदारी का फॉर्मूला ज्यादा महत्वपूर्ण हो सकता है।
संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर
पुलिस का कहना है कि अभियान केवल औपचारिकता नहीं है बल्कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की एक सतत प्रक्रिया है। आदतन अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से पहले आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधीक्षक की अपील
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने नगरवासियों से किराएदार सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि इस प्रकार की सघन जांच आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने मकान मालिकों से अपने किराएदारों की पूरी जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराने और समाधान ऐप का उपयोग करने का आग्रह किया।
यह भी पढ़ें..गरियाबंद के नन्हें समाज सुधारक.. निकले बड़े-बड़ों से आगे.. नुक्कड़ नाटक से जगा रहे अलख, SP वेदव्रत सिरमौर ने किया सम्मानित ।