पीएम जनमन सड़क निर्माण के निरीक्षण में गरियाबंद पहुंचे सचिव भीम सिंह को रक्सा-कमारपारा मार्ग में कमियां मिलीं। अफसर-ठेकेदार को नोटिस के निर्देश।
गरियाबंद सड़क की गुणवत्ता की जांच का सबसे असरदार तरीका आज भी वही है कि कोई बड़ा साहब मौके पर पहुंच जाए। पीएम जनमन सड़क निर्माण में शुक्रवार को गरियाबंद ने यही नजारा देखा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव और ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के सह मुख्य कार्यपालन अधिकारी भीम सिंह पहुंचे, और जो कमियां सड़क पर पहले से पड़ी थीं, वे अचानक सबको दिखने लगीं।

पीएम जनमन सड़क ..तीन सड़कें, 5.07 किलोमीटर, तीन अलग नतीजे
निरीक्षण में कमार जनजाति की बसाहटों को जोड़ने वाली तीन सड़कें देखी गईं। रक्सा से कमारपारा 1.57 किलोमीटर, गुंडरदेही मुख्य मार्ग से कमारपारा-बामनदेही 1.55 किलोमीटर और खैरझिटी से कमारपारा वाया भेंड्री 1.95 किलोमीटर। कुल लंबाई 5.07 किलोमीटर। सचिव ने सामग्री, मोटाई, गुणवत्ता और प्रगति सब जांचा। दो सड़कें संतोषजनक निकलीं और परीक्षा में पास हो गईं। तीसरी सड़क का रिजल्ट अलग रहा।
रक्सा-कमारपारा मार्ग: गुणवत्ता में सुधार की गुंजाइश, शोल्डर भी शर्मीले
रक्सा-कमारपारा मार्ग में गुणवत्ता सुधार की जरूरत पाई गई।
सड़क के दोनों किनारों के शोल्डर भी तय चौड़ाई से कम निकले। सड़क शायद मान बैठी थी कि जब तक कोई नापेगा नहीं, तब तक मापदंड कागजों में ही आराम फरमाते रहेंगे। नापने वाले आ गए।
नतीजतन सहायक अभियंता, उप अभियंता और ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश हुए। अब तीनों को लिखित में समझाना होगा कि सड़क ऐसी क्यों बनी। साथ ही गुणवत्ता और चौड़ाई में तत्काल सुधार को कहा गया है। जनता की उम्मीद सीधी है कि जवाब सड़क जितना कमजोर न हो और सुधार फाइल में नहीं, जमीन पर दिखे।
30 मीटर के पुल पर भी नजर
भेंड्री से खैरझिटी मार्ग पर आरडी 1350 मीटर पर 30 मीटर लंबा पुल बन रहा है। अधिकारियों ने नींव, संरचना और सामग्री की जांच की। पुल पूरा हुआ तो बरसात में आवाजाही की दिक्कत खत्म होगी और गांव साल भर सड़क से जुड़ा रहेगा। सचिव ने तकनीकी मानकों और समयबद्ध काम के निर्देश दिए। गांव वाले बस इतना चाहेंगे कि समय सीमा सिर्फ निर्देशों में न रहे, अगली बरसात से पहले पुल पर भी दिखे।
अब आगे क्या?
नोटिस और आश्वासन दोनों जारी हो चुके हैं। अब सवाल यह है कि रक्सा-कमारपारा मार्ग के शोल्डर कब तक चौड़े होते हैं और जवाब कितनी जल्दी पहुंचते हैं। पीएम जनमन सड़क निर्माण में सड़क कमार बसाहटों तक पहुंचे, उससे पहले कार्रवाई को दौरे की खबर से निकलकर जमीन तक पहुंचना होगा। पैरी टाइम्स 24×7 नजर बनाए रखेगा।
यह भी पढ़ें…छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती पर हाईकोर्ट का बड़ा एक्शन, परीक्षा पर लगाई रोक, आखिर क्यों भड़का कोर्ट?