गरियाबंद कॉलेज विवाद गरियाबंद के आईटीएस कॉलेज ने AI से कथित फर्जी फोटो बनाकर कॉलेज बंद होने का दुष्प्रचार करने और विद्यार्थियों को गुमराह करने के आरोप में पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है।
गरियाबंद सोशल मीडिया के दौर में अब कॉलेज बंद होने की खबर भी शायद फोटोशॉप और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सहारे पैदा होने लगी है। गरियाबंद के इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंसेज (ITS College) ने कुछ लोगों पर कॉलेज के खिलाफ भ्रामक प्रचार करने और AI से कथित तौर पर तैयार तस्वीरें प्रसारित कर विद्यार्थियों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक गरियाबंद से शिकायत की है।

गरियाबंद कॉलेज विवाद,व्हाट्सएप स्टेटस बना अफवाहों का नोटिस बोर्ड
कॉलेज की शिकायत के मुताबिक, गरियाबंद के कुछ महाविद्यालयों से जुड़े शिक्षकों द्वारा व्हाट्सएप और स्टेटस के माध्यम से यह प्रचार किया जा रहा है कि डिपार्टमेंट ऑफ नर्सिंग, इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंसेज बंद हो गया है। कॉलेज का आरोप है कि इस तरह के संदेशों के जरिए यहां प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को भ्रमित किया जा रहा है।
मामला तब और दिलचस्प हो गया, जब कथित तौर पर AI से तैयार की गई तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगीं। यानी पहले अफवाह, फिर AI की तस्वीर और उसके बाद व्हाट्सएप स्टेटस डिजिटल जमाने में प्रचार का पूरा पैकेज तैयार नजर आया।
दो व्हाट्सएप स्टेटस पुलिस को सौंपे
आईटीएस कॉलेज की ओर से पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ऐसे दो व्हाट्सएप स्टेटस भी प्रस्तुत किए गए हैं, जो शिकायत के अनुसार योगेश मांझी और योगेश शिवम कॉलेज से संबंधित बताए गए हैं। शिकायत में आरोप है कि शिवम नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों को भी अपने स्टेटस पर उक्त भ्रामक AI तस्वीर साझा करने के लिए कहा गया।
कॉलेज प्रबंधन ने इसे विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए कहा है कि प्रतिस्पर्धा की लड़ाई अगर तथ्यों और गुणवत्ता के बजाय फर्जी तस्वीरों तक पहुंच जाए, तो फिर पढ़ाई कम और पोस्टर युद्ध ज्यादा नजर आने लगता है।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
आईटीएस कॉलेज ने पुलिस अधीक्षक गरियाबंद से दुष्प्रचार करने, विद्यार्थियों को गुमराह करने और AI के माध्यम से कथित रूप से गलत पोस्ट तैयार कर प्रसारित करने वाले सभी संबंधित व्यक्तियों एवं संस्थाओं की जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई करने का निवेदन किया है।
अब देखना यह है कि पुलिस जांच में इन पोस्टों के पीछे कौन है और आखिर कॉलेज बंद होने की डिजिटल खबर किसके दिमाग की AI निकली। फिलहाल मामला पुलिस तक पहुंच चुका है, इसलिए सोशल मीडिया पर चल रही इस कॉलेज बंदी की कहानी का अगला अध्याय जांच के बाद ही सामने आएगा।
गरियाबंद थाना प्रभारी बोले शिकायत मिली है
गरियाबंद थाना प्रभारी शिशिर पांडे बोले कॉलेज के दुष्प्रचार की शिकायत प्राप्त हुई है । मामले में जांच जारी है जांच उपरांत जो भी तथ्य सामने आयेंगे उसके आधार पर कार्यवाही की जावेगी ।
यह भी पढ़ें …गरियाबंद में गांजा तस्करों का शातिर खेल 6 टायरों के अंदर छिपा रखा था 151 किलो गांजा, पुलिस ने ऐसे खोला राज ।