गरियाबंद गांजा तस्करी पुलिस ने साई मंदिर के पास कार्रवाई करते हुए 4 किलो 931 ग्राम गांजा बरामद किया। रायपुर जाने वाली बस का इंतजार कर रहा मध्यप्रदेश का युवक गिरफ्तार।
गरियाबंद रायपुर जाने वाली बस का इंतजार कर रहे एक युवक को शायद अंदाजा भी नहीं था कि पुलिस की नजर उस तक पहुंच चुकी है। गरियाबंद पुलिस और स्पेशल टीम ने मुखबिर की सूचना पर साई मंदिर के पास घेराबंदी कर युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके बैग से 4 किलो 931 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

बस आने का इंतजार, लेकिन पुलिस पहले पहुंच गई
पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक गांजा लेकर साई मंदिर के पास खड़ा है और रायपुर जाने वाली बस का इंतजार कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए गरियाबंद पुलिस और स्पेशल टीम संयुक्त रूप से तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम ने संदिग्ध युवक को घेरकर उसकी जांच की। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद बैग को खोला गया तो उसमें गांजा मिला। वजन कराने पर कुल 4 किलो 931 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
मध्यप्रदेश के देवास का रहने वाला है आरोपी
पुलिस ने आरोपी की पहचान शिवम रावत पिता गजराज रावत, उम्र 23 वर्ष, निवासी देवास, मध्यप्रदेश के रूप में की है। पुलिस के अनुसार आरोपी अंतरराज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी से जुड़ा हुआ था और गांजा लेकर रायपुर की ओर जाने की तैयारी में था।
पुलिस अब खंगाल रही तस्करी का पूरा नेटवर्क
करीब पांच किलो गांजा बरामद होने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आया था और इसे आगे किसे पहुंचाया जाना था। पूछताछ के आधार पर पुलिस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
गरियाबंद एसपी वेद व्रत सिरमौर के निर्देश पर पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी पर पुलिस की नजर लगातार बनी हुई है।
यह भी पढ़ें…पर्यटन स्थलों पर मस्ती के साथ ट्रैफिक नियम भी जरूरी, शराबी ड्राइविंग पर गरियाबंद पुलिस की सख्ती