गरियाबंद में मूसलाधार बारिश के बीच 24 घंटे में दूसरी बार युवक के बहने की घटना सामने आई। छुरा के भैरव नवापारा नाले में दो युवक गिरे, एक लापता है।
गरियाबंद जिले में पिछले 48 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। नदी, नाले, डैम और एनीकट उफान पर हैं और इसी बीच महज 24 घंटे के भीतर पानी में बहने की दूसरी घटना सामने आने से हड़कंप मच गया है। छुरा क्षेत्र में भैरव नवापारा नाला पार करने के दौरान साइकिल सवार दो युवक पानी के तेज बहाव वाले गड्ढे में गिर गए। इनमें से एक युवक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा, जबकि दूसरा युवक पानी में बहने के बाद से लापता बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और गरियाबंद एसडीआरएफ की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। टीम द्वारा लापता युवक की तलाश शुरू किए जाने की तैयारी की जा रही है।

24 घंटे में दूसरी घटना ने बढ़ाई चिंता
गरियाबंद जिले में यह लगातार दूसरी घटना है, जिसमें उफनते पानी के बीच युवक के बहने की खबर सामने आई है। इससे एक दिन पहले कोपरा एनीकट में एक व्यक्ति तेज बहाव की चपेट में आ गया था। बताया गया कि वह अपनी बहन को तीजा के लिए धमतरी ले जाने जा रहा था। घटना के बाद एसडीआरएफ की टीम ने कई घंटों तक उसकी तलाश की।
एसडीआरएफ की टीम ने करीब 6 से 8 घंटे तक अभियान चलाया और लगभग 14 किलोमीटर के क्षेत्र में पानी के भीतर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। अंधेरा होने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन रोककर टीम वापस लौट गई।
तेज बहाव के बीच एक गलती पड़ सकती है भारी
लगातार बारिश के कारण जिले के कई नदी-नाले और जलस्रोत उफान पर हैं। ऐसे में पानी की गहराई और बहाव का अंदाजा लगाना बेहद मुश्किल हो जाता है। छुरा में सामने आई ताजा घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर उफनते नालों और पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम लोग क्यों उठा रहे हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी, नाले या एनीकट में पानी का तेज बहाव होने पर उसे पार करने की कोशिश न करें। थोड़ी सी जल्दबाजी या लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है।
फिलहाल छुरा क्षेत्र में लापता युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू टीम की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।