गिरीश शर्मा को मिलेगा राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान-2026, शिक्षा की ट्रेन नवाचार ने दिलाई राज्य स्तर पर पहचान ।

Sangani

By Sangani

गरियाबंद के सहायक शिक्षक गिरीश कुमार शर्मा का राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान-2026 के लिए चयन हुआ है। ‘शिक्षा की ट्रेन’ नवाचार ने दिलाई राज्य स्तर पर पहचान

गरियाबंद जिले के सहायक शिक्षक गिरीश कुमार शर्मा का चयन राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान-2026 के लिए हुआ है। शिक्षक दिवस के अवसर पर लोक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में महामहिम राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सम्मान के लिए चयनित शिक्षकों के नामों की घोषणा की। गिरीश शर्मा के चयन की खबर से गरियाबंद जिले के शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है।

गिरीश कुमार शर्मा ने शिक्षा को रोचक, सरल और विद्यार्थियों के लिए आकर्षक बनाने के लिए कई अभिनव प्रयोग किए हैं। खासतौर पर उनके ‘शिक्षा की ट्रेन’ नवाचार को व्यापक सराहना मिली है। विद्यालय के पूरे परिसर को ट्रेन की थीम पर विकसित करते हुए उन्होंने दीवारों, कक्षों और विभिन्न शैक्षणिक स्थानों को सीखने की सामग्री से सजाया।

शिक्षा की ट्रेन बना आकर्षण का केंद्र

गिरीश शर्मा के शैक्षणिक नवाचारों में ‘शिक्षा की ट्रेन’ सबसे खास प्रयोग माना जाता है। इस अवधारणा के तहत विद्यालय के अलग-अलग हिस्सों को ट्रेन के डिब्बों की तरह सजाया गया। यहां विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से जुड़ी जानकारी चित्रों, चार्ट और अन्य शैक्षणिक सामग्री के माध्यम से उपलब्ध कराई गई।

इसका उद्देश्य बच्चों को केवल किताबों और ब्लैकबोर्ड तक सीमित रखने के बजाय विद्यालय के पूरे वातावरण को सीखने का माध्यम बनाना था। इस पहल से विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई अधिक सहज, आनंददायी और रुचिकर बनाने का प्रयास किया गया।

2019 से लगातार मिल रहे सम्मान

गिरीश शर्मा को शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए लगातार सम्मान प्राप्त होते रहे हैं। वर्ष 2019 में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण के तहत शिक्षा दूत पुरस्कार से उन्हें सम्मानित किया गया। इसके बाद 2020 और 2021 में ‘पढ़ई तुंहर दुआर’ योजना में उत्कृष्ट कार्य तथा वर्ष 2022 में ‘पढ़ई तुंहर दुआर 2.0’ में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान मिला।

वर्ष 2023 में अकादमिक कार्य के लिए जिला परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा ने उन्हें सम्मानित किया। इसी वर्ष जिला स्तरीय मातृ सम्मेलन में विशेष सहयोग के लिए भी उन्हें सम्मान मिला। 5 सितंबर 2024 को शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने उन्हें उत्कृष्ट शिक्षक के रूप में सम्मानित किया।

कोविड काल में भी नहीं रुकने दी पढ़ाई

कोविड-19 महामारी के दौरान जब स्कूलों में नियमित कक्षाएं प्रभावित हुईं, तब गिरीश शर्मा ने ऑनलाइन माध्यम से विद्यार्थियों तक शिक्षा पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने नियमित ऑनलाइन कक्षाओं, मोहल्ला क्लास और ‘पढ़ई तुंहर दुआर’ अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों की पढ़ाई जारी रखने का प्रयास किया।

उनके इस योगदान के लिए स्कूल शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन और जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय स्तर पर भी मिली पहचान

शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। अगस्त 2023 में इंदौर में आयोजित समारोह में उन्हें भारत श्री राष्ट्रीय अवार्ड से सम्मानित किया गया। दिसंबर 2023 में अयोध्या में स्वदेश भारत गौरव सम्मान तथा भोपाल में आयोजित समारोह में भारत भूषण अवार्ड से सम्मानित किया गया। 14 जनवरी 2024 को रायपुर में आयोजित आचार्य चाणक्य स्मृति समारोह में भी शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए उन्हें सम्मान मिला।

राज्य सम्मान से गरियाबंद का बढ़ा गौरव

गिरीश शर्मा का राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान-2026 के लिए चयन जिले के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। शिक्षा, नवाचार, ऑनलाइन शिक्षण, सामाजिक सहभागिता, समावेशी शिक्षा और विभिन्न सामुदायिक गतिविधियों में उनके योगदान को देखते हुए यह सम्मान उनके शिक्षकीय सफर की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

चयन की घोषणा के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने गिरीश शर्मा को बधाई दी। गिरीश शर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, अधिकारियों के उत्साहवर्धन, साथी शिक्षकों, परिजनों और शुभचिंतकों के स्नेह एवं मार्गदर्शन को दिया।शिक्षा की ट्रेन’ से शुरू हुआ उनका नवाचार अब राज्य स्तर पर पहचान बना चुका है। गिरीश शर्मा का यह सम्मान गरियाबंद जिले के उन शिक्षकों के लिए भी प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों में नए प्रयोगों के जरिए विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने का प्रयास कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें …गरियाबंद में पटवारी की नाप पर उठे सवाल, ग्रामीण बोले..40 साल पुरानी जमीन को अचानक गलत कैसे बता दिया?

कृपया शेयर करें

लगातार सही खबर सबसे पहले जानने के लिए हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़े

Join Now

Join Telegram

Join Now

error: Content is protected !!