गुरुजी की पाठशाला या पैगशाला ? 2 शिक्षकों की कथित महफिल ने गरियाबंद की शिक्षा व्यवस्था को किया शर्मसार ।

Sangani

By Sangani

गुरुजी की पाठशाला या पैगशाला गरियाबंद के मैनपुर विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) में दो शिक्षकों के स्कूल कार्यालय में कथित रूप से शराब सेवन करते मिलने का मामला सामने आया है। मीडिया टीम के दावों के बाद शिक्षा व्यवस्था और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड के शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) से सामने आया एक कथित मामला शिक्षा व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ गया है। जिस स्थान को समाज “शिक्षा का मंदिर” कहकर सम्मान देता है, वहीं से सामने आए आरोपों ने लोगों को हैरान कर दिया है। स्थानीय मीडिया टीम के अनुसार, स्कूल के औचक निरीक्षण के दौरान कार्यालय कक्ष में दो शिक्षक कथित रूप से शराब का सेवन करते हुए मिले। यदि जांच में यह मामला सही साबित होता है, तो यह केवल दो व्यक्तियों की गलती नहीं बल्कि पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला माना जाएगा।

गुरुजी की पाठशाला या पैगशाला

गुरुजी की पाठशाला या पैगशाला ,में कथित महफिल, बाहर पढ़ाई का इंतजार करते बच्चे

स्थानीय मीडिया टीम के दावे के अनुसार, निरीक्षण के समय स्कूल में तीन शिक्षक अवकाश पर थे, जबकि मौजूद दो शिक्षक- मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान कथित रूप से कार्यालय कक्ष में शराब और चखने के साथ बैठे मिले। इसी दौरान विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राएं मौजूद थे, लेकिन नियमित पढ़ाई प्रभावित होने की बात भी सामने आई।शिक्षकों के कथित पहनावे को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि दोनों शिक्षक निर्धारित ड्रेस कोड के बजाय टी-शर्ट और कार्गो जींस में थे। शिक्षा विभाग की आचार संहिता के बीच यह दृश्य स्थानीय लोगों के लिए चर्चा का विषय बन गया।

सवाल पूछे तो शराब को पानी बताया मगर बैग से निकली बियर और दारू की बोतल

मीडिया टीम का आरोप है कि जब इस पूरे मामले पर शिक्षकों से जवाब मांगा गया, तो उन्होंने कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया और नाराजगी जाहिर की। दावा यह भी किया गया कि पूरी घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया है, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित विभागीय जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल संबंधित शिक्षकों या शिक्षा विभाग की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

सरकार के मिड-डे मील के बाद शिक्षकों का मिड-डे पैग?

समाज में शिक्षक को गुरु का दर्जा दिया जाता है। बच्चों के भविष्य को आकार देने वाले वही शिक्षक यदि किसी विवाद में घिर जाएं, तो सबसे बड़ा नुकसान भरोसे का होता है। तो ऐसा लगता है मानो “ब्लैकबोर्ड पर गणित नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों का हिसाब गड़बड़ा गया।”बच्चे स्कूल इसलिए भेजे जाते हैं कि वे अनुशासन, संस्कार और ज्ञान सीखें। यदि विद्यालयों में ही अनुशासन पर सवाल उठने लगें, तो यह केवल एक स्कूल की नहीं बल्कि पूरी शिक्षा व्यवस्था की चिंता बन जाती है।

अब निगाहें जांच और कार्रवाई नाम के पिटारे में

पूरा मामला अब शिक्षा विभाग की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिका हुआ है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं यदि आरोप गलत साबित होते हैं, तो भी सच्चाई सामने आना जरूरी है ताकि शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवालों का स्पष्ट जवाब मिल सके।फिलहाल यह मामला पूरे मैनपुर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग यह जानना चाहते हैं कि शिक्षा के मंदिर की गरिमा बनाए रखने के लिए जिम्मेदार विभाग आगे क्या कदम उठाता है।

यह भी पढ़ें…गरियाबंद में कई दिनों से दहशत फैला रहा तेंदुआ आखिरकार पिंजरे में कैद, वन विभाग के ऑपरेशन ने टाला बड़ा खतरा ।

कृपया शेयर करें

लगातार सही खबर सबसे पहले जानने के लिए हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़े

Join Now

Join Telegram

Join Now

error: Content is protected !!