रेत माफियाओं के जुगाड़ पर प्रशासन का प्रहार गरियाबंद में खनिज और राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई में बकली से 17 लावारिस ट्रैक्टर, नदी से 4 पाइप और 3 ड्रम जब्त किए गए,चौंबेबंधा और पितईबंध में अवैध खनन के रास्ते काटे गएरातभर मैदान में डटे रहे अधिकारी पढ़े पूरी खबर पैरी टाईम्स पर ।
गरियाबंद जिले में रेत के अवैध कारोबारियों ने नदी से रेत निकालने के लिए जहां अपने स्तर पर नए-नए जुगाड़ खोज लिए हैं, वहीं प्रशासन ने भी अब इन जुगाड़ों की नकेल कसनी शुरू कर दी है। शुक्रवार रात भर चली कार्यवाही में कहीं ट्रैक्टर लावारिस मिले, कहीं नदी के भीतर रेत खींचने के लिए पाइप और ड्रम लगाए गए थे, तो कहीं अवैध खनन तक पहुंचने वाले रास्तों को ही काट दिया गया। खनिज पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई में अवैध रेत खनन के खिलाफ कई स्थानों पर कार्रवाई की गई।

रेत माफियाओं के जुगाड़ पर प्रशासन का प्रहार 17 ट्रैक्टर मिले लावारिस, सरपंच को सौंपे गए
बकली क्षेत्र में संयुक्त निरीक्षण के दौरान 17 ट्रैक्टर लावारिस हालत में जब्त किए गए। कार्रवाई के बाद इन ट्रैक्टरों को सरपंच के सुपुर्द किया गया। इतनी बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों का लावारिस मिलना अपने आप में सवाल खड़ा करता है कि आखिर अवैध खनन के कारोबार में इस्तेमाल होने वाले वाहन कार्रवाई के दौरान अचानक मालिकविहीन कैसे हो जाते हैं?
नदी में पाइप और ड्रम का रेत निकालने वाला जुगाड़ भी पकड़ा
बकली में अवैध रेत खनन की शिकायत मिलने पर एसडीएम राजिम के साथ खनिज अधिकारि ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। शिकायत थी कि नदी के भीतर पाइप के सहारे रेत खींचकर निकाली जा रही है। जांच के दौरान नदी के अंदर से 4 लोहे के पाइप और 3 लोहे के ड्रम जब्त किए गए, जिन्हें धनाराजिम में सुपुर्द किया गया।
रेत निकालने के इस तरीके ने अवैध खनन के कारोबार में इस्तेमाल हो रहे नए तकनीकी जुगाड़ की तस्वीर सामने रखी है। नदी में पाइप और ड्रम लगाकर रेत निकालने की कोशिश हो रही थी, लेकिन प्रशासन की कार्रवाई ने इस व्यवस्था को मौके पर ही रोक दिया।
चौंबेबंधा और पितईबंध में काटे गए अवैध खनन के रास्ते
राजस्व विभाग, राजिम के साथ चौंबेबंधा एवं पितईबंध क्षेत्र में अवैध रेत खनन को रोकने के लिए रास्तों को काटा गया। प्रशासन का उद्देश्य उन मार्गों को बंद करना था, जिनका उपयोग रेत निकालने और परिवहन के लिए किया जा रहा था।
कड़ाके की ठंड में रातभर फील्ड में रहे अधिकारी, अब रेत माफियाओं की चिंता बढ़ी
खनिज पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी कड़ाके की ठंड में रातभर फील्ड में रहकर अलग-अलग स्थानों पर घूमते रहे और कार्रवाई करते रहे। लगातार निरीक्षण और संयुक्त कार्रवाई से अवैध रेत खनन पर अंकुश लगाने की कोशिश की गई। सूत्रों की माने तो कार्यवाही के दौरान रेत माफियाओं की टीम के लोग प्रशासन की रेकी करते और उनकी जानकारी साझा करते भी देखे गए ।
रेत निकालने के लिए पाइप, ड्रम, ट्रैक्टर और रास्तों का इस्तेमाल करने वाले कारोबारियों के लिए प्रशासन की यह कार्रवाई संकेत है कि अब नदी में रेत निकालने का जुगाड़ हो या उसे ढोने का रास्ता, दोनों पर नजर रखी जा रही है। सवाल अब यह है कि कार्रवाई के बाद अवैध खनन पर कितनी स्थायी रोक लगती है और नदी के किनारे फिर से रेत का कारोबार शुरू होने से प्रशासन रोक पाता है या नहीं।
यह भी पढ़ें …गरियाबंद के युवाओं के लिए नौकरी का बड़ा मौका, 30 नवंबर को लगेगा रोजगार मेला, 230 पदों पर होगी भर्ती ।