गरियाबंद में आफत की बारिश के बीच गुढ़ियारी गांव में दो युवक नदी के बीच फंस गए। सूचना के बाद नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना हुई।
गरियाबंद पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश अब गरियाबंद जिले में आफत का रूप लेने लगी है। इसी बीच अमलीपदर के गुढ़ियारी गांव से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। यहां तेज बारिश के बाद नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और दो युवक नदी के बीचो-बीच फंस गए। दोनों युवकों के फंसने की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।

गरियाबंद में आफत की बारिश नदी का पानी बढ़ा, बीच धार में फंसे दो युवक
बताया जा रहा है कि दोनों युवक नदी में गए थे। इसी दौरान लगातार हो रही बारिश के चलते नदी का पानी तेजी से बढ़ने लगा। देखते ही देखते हालात ऐसे हो गए कि दोनों युवक नदी के बीच फंस गए और सुरक्षित बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने तत्काल जिला प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और नगर सेना की रेस्क्यू टीम को मौके के लिए रवाना किया गया।
बारिश का अंदाजा नहीं लगा पाए युवक
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों युवक बारिश के कारण नदी में तेजी से बढ़ रहे पानी का अंदाजा नहीं लगा पाए। कुछ ही देर में नदी का बहाव तेज हो गया और दोनों युवक बीच धार में फंस गए।
अब निगाहें नगर सेना की टीम के रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हैं। टीम मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश करेगी।
तीन दिन की बारिश ने बदले हालात
गरियाबंद जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट से जुड़े अरनव चक्रवात के प्रभाव के चलते क्षेत्र में बारिश का दौर जारी रहने की बात सामने आ रही है।
लगातार बारिश के बीच नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में खतरा बढ़ गया है। गुढ़ियारी की घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बारिश के दौरान नदी और नालों के आसपास जाने में कितनी बड़ी लापरवाही भारी पड़ सकती है।
अमलीपदर के नदीपारा में बाढ़ का में 4 परिवारों के 12 लोग फंसे होने की जानकारी
लगातार हो रही बारिश के बीच अमलीपदर के नदीपारा इलाके में नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति बन गई है। बाढ़ के पानी के बीच 4 परिवारों के 12 लोग फंसे होने की जानकारी मिली हैं, मगर जिला प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है वहीं लगातार बारिश के चलते हालात और बिगड़ने की आशंका के बीच प्रशासन की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़ें…आसमान से आफत, अब नदी का बढ़ता पानी बढ़ा रहा डर, अचानक लिया गया बड़ा फैसला, स्कूलों में फिर छुट्टी ।