Pairi Times 24×7 गरियाबंद, छत्तीसगढ़
गरियाबंद में भारी बारिश से NH-130C पर पानी चढ़ने लगा। राजधानी रायपुर से संपर्क टूटने का खतरा, गुढ़ियारी में नदी में फंसे 2 युवकों का नगर सेना ने किया रेस्क्यू पढ़े पूरी ख़बर पैरी टाईम्स पर।
गरियाबंद जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश अब आफत बनकर बरस रही है। देवभोग और अमलीपदर तहसील में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कहीं घरों में पानी घुस रहा है, तो कहीं हजारों एकड़ खेत जलमग्न हो गए हैं। इस बीच सबसे बड़ी चिंता नेशनल हाईवे-130C को लेकर है, जहां पंटोरा के पास सड़क पर पानी चढ़ने लगा है। बारिश का दौर जारी रहा तो गरियाबंद का राजधानी रायपुर से सड़क संपर्क बाधित हो सकता है।

नदी में फंसे दो युवकों का नगर सेना ने किया रेस्क्यू
लगातार बारिश के बीच अमलीपदर गुढ़ियारी गांव में नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से दो युवक बीच धार में फंस गए थे। नदी में तेज बहाव के कारण दोनों के लिए सुरक्षित बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। ग्रामीणों से इसकी सूचना मिलने के बाद नगर सेना की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
नगर सेना की टीम ने दोनों युवकों को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया। समय पर रेस्क्यू होने से एक बड़ा हादसा टल गया। लगातार बारिश के बीच नदी-नालों के आसपास जाने का खतरा एक बार फिर सामने आया है।
24 घंटे में 200 मिमी से ज्यादा बारिश, घरों में घुसा पानी
देवभोग और अमलीपदर क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज होने की जानकारी है। तेल नदी, सुख तेल नदी और क्षेत्र के बरसाती नाले उफान पर हैं। कई गांवों में घरों के भीतर पानी घुसने लगा है। लोग आधी रात से जागकर अपने घरों का सामान बचाने की मशक्कत कर रहे हैं।
वहीं, खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। हजारों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न होने की जानकारी सामने आई है। लगातार बारिश ने लोगों को करीब दस साल पहले आई बाढ़ की याद दिला दी है।
सिकासार बांध से छोड़ा जा रहा 15,500 क्यूसेक पानी
भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने आज से आयोजित होने वाली त्रैमासिक परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। दूसरी ओर, सिकासार बांध में 87 प्रतिशत जलभराव की स्थिति के बीच 15,500 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
इधर, NH-130C पर पंटोरा के पास बढ़ता पानी चिंता बढ़ा रहा है। यदि बारिश इसी तरह जारी रही, तो हाईवे पर आवागमन प्रभावित हो सकता है और राजधानी रायपुर से गरियाबंद का संपर्क टूटने की आशंका है। फिलहाल जिले में बारिश से बने हालात के बीच लोगों की नजरें मौसम और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
यह भी पढ़ें ..गरियाबंद में आफत की बारिश, नदी के बीच फंसे दो युवक, रेस्क्यू के लिए दौड़ी नगर सेना की टीम ।