गरियाबंद कंप्यूटर ऑपरेटर प्रदर्शन मंच पर चुने हुए नेताओं की खुशियों का उत्सव, हाईवे पर चुनने वालों की हक की लड़ाई… एक दिन में दिखी सिस्टम की दो तस्वीरें ।

Sangani

By Sangani

गरियाबंद कंप्यूटर ऑपरेटर प्रदर्शन गरियाबंद में भाजपा के दीपावली मिलन समारोह के बीच 97 धान खरीदी केंद्र कंप्यूटर ऑपरेटरों ने तबादले का विरोध किया। 18,400 रुपये वेतन और 180 किमी दूर पदस्थापना पर उठे सवाल पढ़ें पूरी खबर पैरी टाईम्स पर।

गरियाबंद में शुक्रवार के दिन का रंग कुछ अलग ही नजर आया ,एक तरफ भाजपा का दीपावली मिलन समारोह था, जहां नेताओं के चेहरों पर मुस्कान, मुलाकातों में गर्मजोशी और माहौल में उत्सव की मिठास घुली हुई थी। खाद्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी समेत भाजपा के तमाम क्षेत्रिय दिग्गज नेता इस आयोजन में शामिल हुए। लेकिन इसी शहर की दूसरी तस्वीर कुछ ऐसी थी, जिसमें मिठाइयों की जगह नाराजगी थी, शुभकामनाओं की जगह नारे थे और मिलन समारोह की जगह नेशनल हाईवे पर चक्काजाम था। यानी एक ही दिन, एक ही शहर और खुशियों के दो बिल्कुल अलग-अलग मायने!

गरियाबंद कंप्यूटर ऑपरेटर प्रदर्शन

गरियाबंद कंप्यूटर ऑपरेटर प्रदर्शन एक ओर दीपावली का उत्सव दूसरी ओर परिवार चलाने की मजबूरी

दरअसल, सहकारिता विभाग के सहायक आयुक्त ने 9 अक्टूबर को आदेश जारी कर जिले के 97 धान खरीदी केंद्रों के कंप्यूटर ऑपरेटरों को उनकी मूल संस्था से हटाकर दूसरे केंद्रों में पदस्थ कर दिया। बताया जा रहा है कि कुछ ऑपरेटरों को 60 से 180 किलोमीटर तक दूर जाना पड़ सकता है।

आदेश जारी करने वालों के लिए शायद यह महज पदस्थापना की एक प्रशासनिक प्रक्रिया हो, लेकिन जिन कर्मचारियों के घर-परिवार इससे प्रभावित हो रहे हैं, उनके लिए यह आदेश किसी छोटी-मोटी परेशानी से कम नहीं है।

विडंबना देखिए, जिन कंप्यूटर ऑपरेटरों पर धान खरीदी के दौरान किसानों के रिकॉर्ड और खरीदी व्यवस्था को संभालने की जिम्मेदारी रहती है, वही आज अपनी नौकरी और परिवार की व्यवस्था संभालने के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हो गए।

18 हजार 4 सौ रुपये का वेतन, 180 किलोमीटर की दूरी… कैसे चलेगा परिवार?

सहकारी समिति धान उपार्जन केंद्रों में काम करने वाले कंप्यूटर ऑपरेटरों का कहना है कि वे पिछले 19 वर्षों से किसानों की सेवा कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें महज 18,400 रुपये मासिक वेतन मिल रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ऋषिकांत मोहरे के मुताबिक, जिले में अनियमितता का प्रतिशत शून्य होने की जानकारी मुख्यालय से मिली थी। नीति के अनुसार अनियमितता वाले केंद्रों के ऑपरेटरों को बदलने की बात थी, लेकिन इसके बावजूद 97 ऑपरेटरों की पदस्थापना बदल दी गई।

अब सवाल यह है कि इतनी कम तनख्वाह में कोई कर्मचारी 60 से 180 किलोमीटर दूर जाकर नौकरी करे तो अपने बच्चों की पढ़ाई, परिवार का भरण-पोषण और आने-जाने का खर्च कैसे संभाले?

महिला कर्मचारियों की परेशानियां भी कम नहीं हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि इस फैसले से उनका पूरा पारिवारिक ढांचा प्रभावित होगा।

गांधी मैदान से तिरंगा चौक तक पहुंची नाराजगी

पहले कलेक्टर के सामने अपनी मांग रखने के बाद भी समाधान नहीं मिलने पर आज 97 ऑपरेटर गांधी मैदान में एकत्र हुए। परिवार की महिलाओं और बच्चों के साथ रैली निकालते हुए तिरंगा चौक पहुंचे और नेशनल हाईवे पर आकर बैठ गए और शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रशासन को स्थिति सामान्य कराने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।

कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांग सिर्फ इतनी है कि उन्हें नियमित किया जाए, नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं मिलें और तबादले जिले के भीतर ही किए जाएं।

मंत्री तक पहुंची आवाज, लेकिन जवाब अभी बाकी

आज कर्मचारियों ने प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल, सांसद रूपकुमारी चौधरी और विधायक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा, कर्मचारियों के मुताबिक, उन्हें आश्वासन मिला है कि जिला स्तरीय बैठक में कलेक्टर से चर्चा कर आदेश में शिथिलता लाने का प्रयास किया जाएगा।

वहीं प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने धान खरीदी को लेकर कहा कि 15 नवंबर से खरीदी का शुभारंभ मुख्यमंत्री करेंगे और किसानों को धान की अंतर राशि का पूरा भुगतान दिलाने की व्यवस्था हो चुकी है।

जब उनसे ऑपरेटरों की समस्या को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अभी उनके सामने ऐसा कोई मामला नहीं आया है। आवेदन मिले हैं, उन्हें देखकर कार्रवाई की जाएगी।

किसानों की चिंता मगर आपरेटरों की सुध कौन लेगा ?

अब इस पूरे घटनाक्रम में सबसे दिलचस्प बात यही है कि धान खरीदी की तैयारियों और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं पर सरकार का पूरा ध्यान है, लेकिन जिस व्यवस्था को जमीन पर चलाने वाले ऑपरेटर हैं, उनकी परेशानी का समाधान अभी आवेदन और समीक्षा के बीच अटका हुआ है।

गरियाबंद की आज की तस्वीर ने एक सवाल जरूर खड़ा कर दिया है जब मंचों पर दीपावली की खुशियां बांटी जा रही थीं, तब सड़क पर खड़े 97 परिवार आखिर किस फैसले का इंतजार कर रहे थे?दीपावली का असली उजाला सिर्फ मंचों और आयोजनों तक सीमित न रहे, उन कर्मचारियों के घरों तक भी पहुंचे जो सालों से धान खरीदी व्यवस्था की रीढ़ बने हुए हैं।

कलेक्टर बोले मैं हरियाणा से आकर नौकरी कर रहा तुम जिले में नहीं कर सकते

तबादले के विरोध में अपनी परेशानी लेकर कलेक्टर रणबीर शर्मा के पास पहुंचे कंप्यूटर ऑपरेटरों ने बताया है कि उन्हें वहां से ऐसा जवाब मिला, जिसने उनकी नाराजगी और बढ़ा दी। कर्मचारियों के मुताबिक, कलेक्टर ने उनसे कहा कि “मैं हरियाणा से आकर यहां नौकरी कर रहा हूं, तुम अपने जिले में नहीं कर सकते हो क्या?”
अब कर्मचारियों के सामने सवाल सिर्फ नौकरी करने या दूसरे स्थान पर जाने का नहीं है, बल्कि 18,400 रुपये के मासिक वेतन में परिवार की जिम्मेदारी निभाते हुए 60 से 180 किलोमीटर दूर जाकर काम करने की व्यावहारिक मजबूरी का भी है।सवाल यही है कि साहब हरियाणा से गरियाबंद आकर नौकरी कर सकते हैं, लेकिन क्या 18,400 रुपये वेतन पाने वाला कर्मचारी भी उसी आर्थिक और पारिवारिक परिस्थिति में है?

यह भी पढ़ें …14 साल बाद भी गरियाबंद का सब्जी बाजार लावारिस… कभी मंडी तो कभी गांधी मैदान…व्यापारी अपना सामान बेचें या ठिकाना तलाशें ?

कृपया शेयर करें

लगातार सही खबर सबसे पहले जानने के लिए हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़े

Join Now

Join Telegram

Join Now

error: Content is protected !!