14 साल बाद भी गरियाबंद का सब्जी बाजार लावारिस… कभी मंडी तो कभी गांधी मैदान…व्यापारी अपना सामान बेचें या ठिकाना तलाशें ?

Sangani

By Sangani

14 साल बाद भी गरियाबंद का सब्जी बाजार लावारिस गरियाबंद जिला बने करीब 14 साल हो गए, लेकिन सब्जी बाजार को स्थायी ठिकाना नहीं मिला,धान खरीदी के चलते अब गांधी मैदान में लगा बाजार पढ़े पूरी खबर पैरी टाईम्स पर ।

गरियाबंद जिला बनने के करीब 14 साल बाद भी गरियाबंद की एक बुनियादी जरूरत अपनी स्थायी पहचान के लिए तरस रही है। शहर में सरकारी दफ्तरों से लेकर विकास की योजनाओं तक कई बदलाव हुए, लेकिन सब्जी बाजार की किस्मत आज भी नहीं बदली,बाजार को अब तक ऐसी स्थायी जगह नसीब नहीं हो पाई, जहां सब्जी विक्रेता बिना किसी स्थानांतरण की चिंता के अपना कारोबार कर सकें।

गरियाबंद के सब्जी बाजार की कहानी भी बड़ी दिलचस्प है। कभी मुख्य सब्जी बाजार से हटकर जनपद के सामने कभी रावण भाठा में दुकानें सजती हैं, कभी मंडी प्रांगण में बाजार पहुंच जाता है और अब धान खरीदी का सीजन आते ही मंडी से विदाई देकर गांधी मैदान में दुकानें सजवा दी गई हैं। यानी सब्जी बाजार का अपना कोई स्थायी पता नहीं, जहां जगह मिली वहीं बाजार आबाद हो गया।

14 साल बाद भी गरियाबंद का सब्जी बाजार लावारिस

14 साल बाद भी गरियाबंद का सब्जी बाजार लावारिस मुख्यालय तो बना, लेकिन बाजार का ठिकाना आज तक नहीं

करीब डेढ़ दशक का समय किसी भी शहर की बुनियादी सुविधाओं को व्यवस्थित करने के लिए कम नहीं होता,लेकिन गरियाबंद में सब्जी बाजार की स्थायी व्यवस्था अब तक नहीं बन पाई। सवाल यह है कि आखिर इतने वर्षों में प्रशासन और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों ने इस दिशा में कोई ठोस पहल क्यों नहीं की?

सब्जी बाजार कोई अस्थायी आयोजन नहीं है, जो कभी यहां तो कभी वहां लगा दिया जाए। यह शहर की रोजमर्रा की जरूरत है। सुबह से शाम तक यहां आम नागरिकों की आवाजाही रहती है। सब्जी विक्रेताओं की आजीविका और शहर की दैनिक खरीदारी इसी बाजार से जुड़ी है। ऐसे में बाजार के लिए स्थायी जगह और बुनियादी सुविधाएं होना जरूरी है।

धान खरीदी आई तो सब्जी बाजार की फिर बदली जगह

वर्तमान में धान खरीदी को देखते हुए मंडी प्रांगण में लगने वाले सब्जी बाजार को हटाकर गांधी मैदान में लगाया गया है। धान खरीदी के लिए मंडी परिसर की जरूरत अपनी जगह जायज है, लेकिन सवाल यह है कि सब्जी बाजार के लिए स्थायी वैकल्पिक व्यवस्था आखिर क्यों नहीं बन पाई?

हर बार सीजन और जरूरत के हिसाब से बाजार की जगह बदलना क्या स्थायी समाधान का विकल्प हो सकता है? जगह बदलने से सब्जी विक्रेताओं के साथ-साथ ग्राहकों को भी नए स्थान के अनुसार अपनी खरीदारी की आदतें बदलनी पड़ती हैं।

गरियाबंद के सब्जी बाजार को आखिर कब मिलेगा स्थायी पता?

अब सवाल स्थानीय प्रशासन और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों से है कि गरियाबंद को एक व्यवस्थित सब्जी बाजार देने की योजना कब जमीन पर उतरेगी? क्या बाजार के लिए स्थायी जमीन चिह्नित की जाएगी? क्या वहां शेड, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित होंगी?

फिलहाल गरियाबंद के सब्जी बाजार की स्थिति कुछ ऐसी है कि जिला मुख्यालय को तो स्थायी पहचान मिल गई, लेकिन बाजार आज भी अपने पते की तलाश में है। गरियाबंद में सब्जियों के भाव भले रोज बदलते हों, लेकिन सब्जी बाजार का ठिकाना भी किसी स्थायी व्यवस्था की तरह तय नहीं हो पाया है। अब देखना यह है कि बाजार को अगली बार कहां शिफ्ट किया जाता है, या फिर 14 साल बाद प्रशासन इसे एक स्थायी ठिकाना देने की पहल करता है।

यह भी पढ़ें…गरियाबंद सड़क हादसा दीपावली की रात उजड़ गया पूरा परिवार, एक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की हुई दर्दनाक मौत ।

कृपया शेयर करें

लगातार सही खबर सबसे पहले जानने के लिए हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़े

Join Now

Join Telegram

Join Now

error: Content is protected !!