गरियाबंद सड़क हादसा राजिम के पास सड़क हादसे में कार नदी में गिरने से शीतल साहू, पत्नी भारती और दो बच्चों की दर्दनाक मौत, दीपावली पर पसौद गांव में पसरा मातम पढ़े पूरी ख़बर पैरी टाईम्स पर ।
गरियाबंद दीपावली का त्योहार मनाने घर लौट रहा एक परिवार कभी अपने घर नहीं पहुंच सका। राजिम के टीला एनीकट में देर रात एक कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। इस भीषण हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनके दो बच्चों समेत एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पसौद गांव में मातम पसर गया।
मृतकों की पहचान शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, 19 वर्षीय बेटे विकास साहू और 21 वर्षीय बेटी पूर्वा साहू के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, परिवार दीपावली का त्योहार मनाने रायपुर से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान देर रात राजिम क्षेत्र के टीला एनीकट में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

गरियाबंद सड़क हादसा कार में लिखा है मीडिया एग्जीक्यूटिव, युवक पत्रकार था
हादसे में जान गंवाने वाले शीतल साहू पत्रकार बताए जा रहे हैं। दुर्घटनाग्रस्त कार पर ‘मीडिया एग्जीक्यूटिव’ लिखा हुआ था। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर है। जिस घर में दीपावली की तैयारियां होनी थीं, वहां अब अपनों को खोने का गम पसरा हुआ है।

चंपारण पुलिस मौके पर, हादसे की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही चंपारण पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। कार किन परिस्थितियों में एनीकट से नीचे नदी में गिरी, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
दीपावली की रात जिस परिवार को खुशियों के साथ घर पहुंचना था, उस परिवार के चार सदस्यों की एक साथ मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
यह भी पढ़ें …रात के अंधेरे में ओडिशा से आ रहे थे 3 पिकअप… बॉर्डर पर पुलिस ने रोका तो अंदर का नजारा देखकर रह गई हैरान ।