गरियाबंद की नहर अतरमरा में अचानक गांजे के पैकेट मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस की नाकेबंदी से घबराए तस्कर 15 लाख का माल नहर में फेंककर रफूचक्कर हो गए।
गरियाबंद जिले में पुलिस की बढ़ती दबिश और चप्पे-चप्पे पर तैनात जवानों के खौफ ने तस्करों के पसीने छुड़ा दिए हैं। पुलिस की नकेल से बचने के लिए तस्करों ने अब तस्करी का माल ही ठिकाने लगाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला अतरमरा की नहर का है, जहां तस्करों ने पुलिस चेकिंग के डर से लाखों रुपये का गांजा पानी में बहा दिया।

गरियाबंद की नहर खाकी का चक्रव्यूह पकड़े जाने के डर से पानी में बहाए 15 लाख रुपए
मिली जानकारी के अनुसार, अतरमरा नहर में गांजे के कई पैकेट लावारिस हालत में तैरते मिले हैं। एक-एक पैकेट में लगभग 2 से 3 किलो गांजा होने का अनुमान है। कुल 15 पैकेट बरामद किए गए हैं, जिनका वजन लगभग 30 से 45 किलो के बीच हो सकता है। जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपए बताई जा रही है पुलिस की सक्रियता को देखते हुए यह साफ लग रहा है कि तस्कर पकड़े जाने के डर से इसे फेंक कर फरार हो गए।

जिले भर में हाई अलर्ट, तस्करों के नेटवर्क में मची खलबली
जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी जा रही है। बता दें कि गरियाबंद जिले में पिछले कई दिनों से तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिले की सीमाओं और मुख्य मार्गों पर चेक पोस्ट लगाकर वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है, जिससे तस्करी के नेटवर्क में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस ने गांजा जब्त कर शुरू की पड़ताल
पुलिस विभाग ने बरामद गांजे को कब्जे में लेकर अज्ञात तस्करों की तलाश शुरू कर दी है। अंदेशा जताया जा रहा है कि चेक पोस्ट पर कड़ी जांच को देखकर तस्करों ने रास्ता बदला होगा और पकड़े जाने के जोखिम को देखते हुए माल नहर में फेंक दिया। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही है।