गरियाबंद क्राइम न्यूज….एक ताजा कब्र, तीन आरोपी और दो लाशें… ऐसे खुली डबल मर्डर की गुत्थी ।

Sangani

By Sangani

गरियाबंद क्राइम न्यूज एक ताजा कब्र, तीन आरोपी और दो लाशें… गरियाबंद के इस डबल मर्डर केस ने साबित कर दिया कि अपराधी चाहे कितनी भी चालाकी से सबूत छिपाने की कोशिश करें, सच कभी न कभी जमीन फाड़कर बाहर आ ही जाता है पढ़े पूरी ख़बर पैरी टाईम्स पर…

गरियाबंद जिले के शोभा थाना क्षेत्र के ग्राम गरीबा में सामने आए एक सनसनीखेज डबल मर्डर केस ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। सप्ताहभर से लापता पति-पत्नी की तलाश के बीच एक ताजा कब्र ने ऐसा राज उगला, जिसने पुलिस से लेकर ग्रामीणों तक सभी को हैरान कर दिया।
कहानी किसी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं लगती। गांव में एक अन्य व्यक्ति के अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे ग्रामीणों की नजर वहां हाल ही में दफनाई गई एक संदिग्ध जगह पर पड़ी। ताजा मिट्टी देखकर उन्हें कुछ गड़बड़ होने का अंदेशा हुआ। ग्रामीणों ने बिना देर किए इसकी सूचना शोभा पुलिस को दी।

गरियाबंद क्राइम न्यूज

गरियाबंद क्राइम न्यूज,पुलिस ने खोदी जमीन, सामने आया खौफनाक सच

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध स्थल की खुदाई शुरू कराई। कुछ ही देर में जमीन के भीतर से जो मिला, उसने सभी के होश उड़ा दिए। वहां से सप्ताहभर से लापता चल रहे राजाराम और आशो बाई के शव बरामद हुए।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि दोनों शवों को एक ही बोरे में लपेटकर श्मशान घाट में दफनाया गया था। इस दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।

पुरानी रंजिश से शुरू हुई खून की कहानी

पुलिस जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश इस वारदात की मुख्य वजह बनी। संदेह के आधार पर पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हत्या करना कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने दंपत्ति को डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतारा और बाद में शवों को बोरे में भरकर श्मशान घाट में दफना दिया, ताकि किसी को वारदात की भनक न लगे। मृतकों की पहचान राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में ग्राम गरीबा निवासी लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम को गिरफ्तार किया है।

एक कब्र ने खोल दी पूरी साजिश

जिस साजिश को आरोपी हमेशा के लिए जमीन में दफन समझ रहे थे, वही साजिश एक ताजा कब्र की वजह से उजागर हो गई। ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने इस डबल मर्डर की गुत्थी को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई।

जांच जारी, इलाके में चर्चा का विषय बना मामला

फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है।

यह भी पढ़ें…नागाबुडा में बच्चों ने संभाली समाज सुधार की कमान, जहां बड़े नहीं माने, वहां नुक्कड़ नाटक ने दिखाई राह ट्रैफिक नियमों पर स्कूली बच्चों का संदेश बना चर्चा का विषय ।

कृपया शेयर करें

लगातार सही खबर सबसे पहले जानने के लिए हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़े

Join Now

Join Telegram

Join Now

error: Content is protected !!