कृषक उन्नति योजना 2026-27 छत्तीसगढ़ में योजना के तहत धान किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये तक सहायता मिलेगी। भाजपा नेता पारस ठाकुर ने योजना को किसान हितैषी बताया पढ़े पूरी खबर पैरी टाईम्स पर ।
गरियाबंद छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान किसानों को आर्थिक सहायता देने की व्यवस्था को लेकर भाजपा ने इसे किसानों के हित में बड़ा कदम बताया है। भाजपा जिला प्रवक्ता एवं पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष पारस ठाकुर ने कहा कि कृषक उन्नति योजना के माध्यम से प्रदेश सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को समृद्ध बनाने की दिशा में काम कर रही है।
पारस ठाकुर के अनुसार, योजना के तहत धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल और निर्धारित 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की राशि के बीच 659 रुपये प्रति क्विंटल का अंतर है। अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ की उपार्जन सीमा के आधार पर किसानों को 13,839 रुपये प्रति एकड़ तक की सहायता राशि निर्धारित की गई है।

कृषक उन्नति योजना 2026-27 के तहत 15 क्विंटल धान बेचने पर भी मिलेगी निर्धारित सहायता
योजना की खास बात बताते हुए ठाकुर ने कहा कि यदि कोई किसान एक एकड़ में धान का उत्पादन कर केवल 15 क्विंटल धान बेचता है, तब भी सत्यापित रकबे के आधार पर उसे निर्धारित पूरी सहायता राशि मिलेगी। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि 2.5 एकड़ भूमि वाले किसान को 34,597.50 रुपये और 0.8 एकड़ भूमि वाले किसान को 11,071.20 रुपये की सहायता राशि मिल सकती है।
उनका कहना है कि इस व्यवस्था से छोटे और सीमांत किसानों को भी लाभ मिलेगा। सरकार की मंशा किसानों की आय बढ़ाने के साथ कृषि को अधिक लाभकारी बनाना है।
कांग्रेस पर साधा निशाना, भाजपा सरकार की योजनाओं को बताया किसान हितैषी
भाजपा जिला प्रवक्ता पारस ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में किसानों के नाम पर घोषणाओं और वादों की राजनीति होती रही, जबकि भाजपा सरकार योजनाओं के माध्यम से किसानों तक आर्थिक लाभ पहुंचाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसान कल्याण के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। किसान केवल अन्नदाता नहीं, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं।
ठाकुर ने कहा कि भाजपा का संकल्प स्पष्ट है कि किसान समृद्ध होगा तो गांव समृद्ध होगा और गांव समृद्ध होगा तो छत्तीसगढ़ विकसित होगा।