गरियाबंद में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं। जनधन, पीएम आवास, आयुष्मान, किसान सम्मान निधि से लेकर वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती ताकत पर रखी बात .
गरियाबंद राजनीति में अक्सर नेता अपने कामों का हिसाब मांगते हैं, लेकिन गरियाबंद में भाजपा ने तो मानो पिछले 12 वर्षों की पूरी “विकास डायरी” ही जनता के सामने खोल दी। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को देश के इतिहास का “स्वर्णिम और ऐतिहासिक काल” बताते हुए उपलब्धियों की लंबी सूची पेश की।डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं को हमेशा “प्रधान सेवक” मानते हुए देश के 140 करोड़ नागरिकों के हित में काम किया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में भारत केवल आर्थिक रूप से ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक, सामरिक और वैश्विक स्तर पर भी मजबूत हुआ है।

जनधन से जनकल्याण तक, योजनाओं की लंबी सूची
पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा ने केंद्र सरकार की कई योजनाओं का उल्लेख किया। डॉ. मिश्रा के अनुसार जनधन योजना के तहत करोड़ों बैंक खाते खुले, उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से राहत मिली, आयुष्मान भारत के जरिए गरीबों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली और प्रधानमंत्री आवास योजना ने लाखों परिवारों का पक्का घर का सपना पूरा किया।उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम स्वनिधि और मुद्रा योजना जैसी योजनाओं ने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का काम किया है।
नया भारत का दावा, सुरक्षा से संस्कृति तक चर्चा
डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपनी वैश्विक पहचान मजबूत की है। उन्होंने जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और बढ़ते विदेशी निवेश को भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रमाण बताया।भाजपा का दावा है कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने केवल सड़कें और पुल ही नहीं बनाए, बल्कि आत्मविश्वास की भी नई इमारत खड़ी कर दी है। अब सवाल यह है कि विपक्ष इस रिपोर्ट कार्ड में कितने नंबर देता है और जनता अगली परीक्षा में क्या फैसला सुनाती है।
छत्तीसगढ़ को भी मिला विकास का लाभ भाजपा
डॉ. मिश्रा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों परिवारों को लाभ मिला है। राज्य में रेलवे परियोजनाओं, किसान क्रेडिट कार्ड, उड़ान योजना और अन्य केंद्रीय योजनाओं के माध्यम से विकास को गति मिली है।उन्होंने बताया कि प्रदेश में आवास निर्माण तेजी से जारी है और किसानों को सहकारी बैंकों के माध्यम से शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने ग्राम पंचायत से संसद तक लगातार जनसमर्थन हासिल किया है, जबकि कांग्रेस लगातार चुनावी चुनौतियों का सामना कर रही है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ने का काम किया है।कार्यक्रम में रहे मौजूदइस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर, जिला महामंत्री आशीष शर्मा, चंद्रशेखर साहू, जिला उपाध्यक्ष प्रीतम सिन्हा, जिला मीडिया प्रभारी राधेश्याम सोनवानी सहित कई भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।