400 यूनिट की उम्मीद बढ़े बिल की चुभन गरियाबंद में जिला कांग्रेस की बैठक में बिजली बिल बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटर और महंगाई के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान, गांव गांव हस्ताक्षर अभियान, बिजली विभाग घेराव और 4 सौ यूनिट तक राहत की मांग को लेकर बनाई गई रणनीति,पढ़ें पूरी खबर पैरी टाईम्स पर।
गरियाबंद बिजली का बिल बढ़े तो आम आदमी पहले मीटर को देखता है, फिर जेब को और आखिर में सरकार को। अब इसी बढ़ते करंट को राजनीतिक ऊर्जा में बदलने की तैयारी कांग्रेस ने शुरू कर दी है। जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक में बिजली बिल बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटर और महंगाई के मुद्दे पर ऐसा बिगुल फूंका गया कि कार्यकर्ताओं को गांव-गांव भेजने की रणनीति तैयार हो गई। उद्देश्य साफ है जनता की नाराजगी को जनआंदोलन में बदलना और 4 सौ यूनिट तक बिजली बिल में राहत की मांग को जोरदार तरीके से उठाना।

4 सौ यूनिट की उम्मीद बढ़े बिजली बिल की चुभन कांग्रेस जनता के समर्थन में
स्थानीय जिला कांग्रेस भवन में आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा और विधायक जनक ध्रुव की मौजूदगी में चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तय की गई। बैठक में कांग्रेस पदाधिकारियों, महिला संगठन की प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश के बाद बैठक में लिए गए कई अहम निर्णय
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देशानुसार गांव-गांव और घर-घर जाकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद एकत्रित हस्ताक्षरों के साथ बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर 400 यूनिट तक बिजली बिल में राहत देने की मांग का ज्ञापन सौंपा जाएगा।
जिला अध्यक्ष सुखचंद बोले बढ़े हुए बिल से किसान से लेकर आम जनता परेशान
जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने कहा कि किसान, मध्यम वर्ग, गरीब और व्यापारी सभी बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर परेशान हैं। उनका कहना था कि कांग्रेस इस मुद्दे को केवल राजनीतिक मंच तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि हर गांव और हर घर तक पहुंचाकर लोगों की आवाज़ को सरकार तक पहुंचाएगी। साथ ही महंगाई के मुद्दे को भी अभियान का हिस्सा बनाते हुए राज्य और केंद्र सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
चुनाव के पहले ही कांग्रेस पहुंच रही जनता के पास
बैठक का सकारात्मक संदेश भी साफ नजर आया, राजनीति में अक्सर कहा जाता है कि चुनाव आते ही जनता को याद किया जाता है, लेकिन कांग्रेस ने इस बार जनता के दरवाजे पर दस्तक देने का रास्ता चुना है। अब यह अभियान जनता की उम्मीदों की रोशनी बढ़ाएगा या केवल राजनीतिक वोल्टेज बढ़ाएगा, इसका जवाब आने वाले दिनों में मिलेगा।
जनक ध्रुव बोले बढ़े हुए बिजली बिल से जनता में बढ़ रहा आक्रोश
विधायक जनक ध्रुव ने कहा कि बिजली बिल बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता हजार लोगों के बराबर काम करने की क्षमता रखता है और संगठन की मजबूती ही आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत बनेगी।
कांग्रेस की इस महत्वपूर्ण बैठक में ये रहे शामिल
बैठक को चिराग अली और रूपेश साहू ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री कमल लोचन यादव ने किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा, जिला पंचायत सदस्य रमेश शर्मा, राजेश साहू, छगन यादव, सन्नी मेमन, जुनेद खान, अहसन मेमन, पवन सोनकर, प्रेम सोनवानी, कादर हिंगोरा, राम गुलाल, योगेश्वरी साहू सहित सैकड़ों महिला एवं पुरुष पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कांग्रेस बोली बिजली बिल में 4 सौ यूनिट राहत देना जरूरी
फिलहाल राजनीति की इस नई पटकथा में सबसे बड़ा किरदार जनता ही है। हस्ताक्षर अभियान कितना व्यापक होता है, बिजली विभाग के घेराव का कितना असर पड़ता है और 4 सौ यूनिट तक राहत की मांग को सरकार किस नजर से देखती है, इस पर सबकी निगाहें रहेंगी। इतना जरूर है कि बिजली के बढ़े बिल ने विपक्ष को एक ऐसा मुद्दा दे दिया है, जिसमें करंट भी है, कनेक्शन भी और राजनीतिक संभावनाएं भी।