नेशनल हाईवे के पास हादसों को न्योता दे रहा खुला गड्ढा, नगर पालिका अध्यक्ष को जानकारी, फिर भी कार्रवाई का इंतजार… आखिर कब जागेगी नगर पालिका ?

Sangani

By Sangani

:गरियाबंद नगर पालिका में समस्याओं के समाधान में देरी पर सवाल,जिला अस्पताल मार्ग की खुली नाली का गड्ढा शिकायत के बाद भी बना हुआ है। अध्यक्ष रिखी यादव की कार्यप्रणाली पर लगातार उठते सवाल ?

गरियाबंद नगर पालिका क्षेत्र में अगर आपको कोई समस्या है और आप चाहते हैं कि उसका जल्द समाधान हो जाए, तो सिर्फ शिकायत करना काफी नहीं है। आपको अपनी आवाज थोड़ी ऊंची करनी होगी, एक ही बात बार-बार दोहरानी होगी और जरूरत पड़े तो कई दिनों तक लगातार याद दिलाना होगा। क्योंकि शहरवासियों के बीच अब यह चर्चा होने लगी है कि गरियाबंद नगर पालिका में समस्याओं का समाधान शिकायत मिलने से नहीं, बल्कि बार-बार याद दिलाने के बाद ही होता है।

नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर यह सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि शहर की कई बुनियादी समस्याएं ऐसी हैं, जिनकी जानकारी जिम्मेदारों तक पहुंचने के बावजूद समाधान के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। चाहे शहर के बस स्टैंड को व्यवस्थित करने का मामला हो, नगर पालिका कार्यालय के सामने स्थित अवैध अतिक्रमण का मुद्दा हो या फिर शहर की सड़कों, नालियों और सफाई व्यवस्था से जुड़ी परेशानियां। लोगों को बार-बार अपनी समस्या दोहरानी पड़ती है।

जिला अस्पताल मार्ग पर खुला गड्ढा, शिकायत के बाद भी इंतजार

ताजा मामला जिला चिकित्सालय जाने वाले मार्ग का है, जहां नाली के ऊपर लगा ढक्कन हट जाने से गड्ढा बन गया है। यह मार्ग आम नागरिकों के साथ मरीजों और उनके परिजनों के आवागमन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में नाली का खुला हिस्सा दुर्घटना का कारण बन सकता है।

इस समस्या की जानकारी सोमवार सुबह से ही नगर पालिका अध्यक्ष रिखी यादव को दी गई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक मौके पर सुधार कार्य होने की जानकारी सामने नहीं आई है। शिकायत करने पर यह जरूर कहा जाता है कि काम करवा दिया गया है, लेकिन मौके की स्थिति कुछ और ही कहानी बयां करती नजर आती है।

अब सवाल यह है कि जब नगर पालिका अध्यक्ष को समस्या की जानकारी दे दी गई है और समाधान कराने की बात भी कही जा रही है, तो फिर जिम्मेदार अमला मौके पर पहुंचकर समस्या का निराकरण क्यों नहीं कर पा रहा है?

अध्यक्ष तक आवाज पहुंची, क्या कर्मचारियों तक नहीं पहुंचा संदेश?

नगर पालिका अध्यक्ष रिखी यादव के सामने यह कोई पहला मामला नहीं है। शहर में ऐसे कई उदाहरण सामने आते रहे हैं, जहां समस्याओं को अध्यक्ष के संज्ञान में लाने के बावजूद समाधान में कई दिन और कभी-कभी महीनों तक लग जाते हैं।

ऐसे में व्यंग्य के तौर पर शहरवासियों के सामने एक सवाल खड़ा होता है कि क्या नगर पालिका में समस्या बताने के लिए भी कोई विशेष प्रक्रिया है? क्या एक बार शिकायत करने से काम नहीं चलता और शिकायत को बार-बार दोहराना जरूरी है?

नगर पालिका का उद्देश्य शहरवासियों की समस्याओं का समय पर निराकरण करना है, न कि नागरिकों को एक ही समस्या लेकर जिम्मेदारों के चक्कर लगवाना। अब देखना होगा कि जिला चिकित्सालय मार्ग की इस छोटी लेकिन महत्वपूर्ण समस्या पर नगर पालिका कितनी जल्दी कार्रवाई करती है। क्योंकि शहरवासियों को अब सिर्फ आश्वासन नहीं, जमीन पर दिखाई देने वाला समाधान चाहिए। आखिर नगर पालिका जनता की सुविधा के लिए है या जनता को अपनी समस्या याद दिलाने के लिए?

यह भी पढ़ें …छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, आखिर क्यों 19 जिलों के DEO की रुक गई सैलरी ? गरियाबंद भी शामिल ।

कृपया शेयर करें

लगातार सही खबर सबसे पहले जानने के लिए हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़े

Join Now

Join Telegram

Join Now

error: Content is protected !!