गरियाबंद में लगातार 50 घंटे से हो रही भारी बारिश के बीच उदंती नदी पर बन रहा 9 करोड़ रुपये का निर्माणाधीन पुल ढह गया। पुल छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कई गांवों को जोड़ने वाला था।
गरियाबंद लगातार 48 घंटे से अधिक समय से हो रही मूसलाधार बारिश ने गरियाबंद जिले में भारी तबाही मचानी शुरू कर दी है। इस बीच सबसे बड़ी खबर उदंती नदी से सामने आई है, जहां लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा निर्माणाधीन पुल अचानक भरभराकर गिर गया। पुल गिरने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की उम्मीदों पर भी बड़ा झटका लगा।

उदंती नदी पर बन रहा था रणनीतिक पुल
यह पुल गरियाबंद जिले के अमलीगांव को ओडिशा के चार गांवों से जोड़ने के लिए बनाया जा रहा था। पुल बनने के बाद दोनों राज्यों के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने वाली थी, लेकिन भारी बारिश और तेज बहाव के बीच निर्माणाधीन संरचना ढह गई।
ओडिशा सरकार करा रही थी निर्माण
जानकारी के अनुसार, पुल का निर्माण ओडिशा सरकार की ओर से कराया जा रहा था। शुरुआती जानकारी में माना जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश और उदंती नदी के तेज बहाव के कारण निर्माणाधीन पुल का हिस्सा अचानक ढह गया। हालांकि घटना के तकनीकी कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें
पुल गिरने से अमलीगांव सहित आसपास के ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ गई हैं। यह पुल छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच आवागमन का महत्वपूर्ण माध्यम बनने वाला था। अब निर्माण कार्य पर भी बड़ा सवाल खड़ा हो गया है और परियोजना पूरी होने में देरी की आशंका
बढ़ गई है।प्रशासन की नजर, जांच का इंतजार
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग की नजर पूरे मामले पर है। पुल गिरने के कारणों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा केवल प्राकृतिक आपदा का परिणाम है या निर्माण गुणवत्ता में भी कोई कमी रही।