गरियाबंद के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के रोबा गांव के पास तेज रफ्तार कार बिजली के पोल से टकराकर पलट गई। हादसे में दो युवक घायल हुए, जबकि स्कूल छुट्टी के समय बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की।
गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। रोबा गांव के पास एक तेज गति से दौड़ रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का पोल टूट गया और कार पलट गई। हादसे में कार सवार दो युवक घायल हो गए। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
सबसे राहत की बात यह रही कि यह हादसा ठीक उस समय हुआ, जब पास के स्कूलों की छुट्टी हुई थी और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे सड़क से होकर घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही सेकंड का अंतर बड़ा हादसा टाल गया। यदि कार बच्चों की ओर बढ़ जाती, तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी।

फिंगेश्वर के रोबा गांव में हादसे में दो युवक घायल, बिजली का पोल टूटा, करंट फैलने के खतरे से सप्लाई बंद
हादसे के बाद बिजली का पोल टूटने से इलाके में करंट फैलने का खतरा पैदा हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल बिजली सप्लाई बंद कर दी गई, जिससे किसी अन्य दुर्घटना की आशंका को टाला जा सका। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
स्कूली बच्चों से कुछ ही दूरी पर हुआ हादसा, ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की उठाई मांग
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर लगातार तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाए जाते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। उनका कहना है कि स्कूल, गांव और आबादी वाले क्षेत्रों में भी वाहन चालक रफ्तार पर नियंत्रण नहीं रखते, जिससे हर दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
कुछ सेकंड की देरी और हो सकता था बड़ा हादसा! पलटी कार ने मचाई अफरा-तफरी, गांव में आक्रोश
ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि इस मार्ग पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जाए, ओवरस्पीड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें…सिकासार कोडार परियोजना 2524 करोड़ के प्रोजेक्ट में बड़ा उलटफेर कोर्ट के फैसले के बाद मचेगी हलचल ?