गरियाबंद में 4 महीने बाद फिर लौटा तेंदुआ चार महीने बाद फिर तेंदुए की दस्तक से गांव में दहशत कुत्ते को दबोचकर ले जा रहे तेंदुए को ग्रामीणों ने शोर मचाकर भगाया पहले भी कुत्ते के ऊपर हमले के दूसरे दिन बच्चों पर किया था हमला पढ़े पूरी ख़बर पैरी टाईम्स पर।
गरियाबंद गरियाबंद में तेंदुए की धमक एक बार फिर ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बन गई है। नेशनल हाईवे-130 सी से लगे कोदोबतर गांव में करीब चार महीने बाद तेंदुआ दोबारा नजर आया है। शुक्रवार को चट्टानपारा चेकडैम के पास तेंदुआ एक कुत्ते को दबोचकर ले जा रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई। लोगों ने शोर मचाया तो तेंदुआ कुत्ते को छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

गरियाबंद में 4 महीने बाद फिर लौटा तेंदुआ मई में दो बच्चों पर हुआ था हमला
कोदोबतर में तेंदुए की सक्रियता कोई नई बात नहीं है। मई 2026 में इसी ग्राम पंचायत क्षेत्र में तेंदुए से जुड़ी तीन घटनाएं सामने आई थीं। शुरुआत में तेंदुआ गांव से एक कुत्ते को उठाकर ले गया था। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर दो बच्चों पर तेंदुए ने हमला किया था।
दोनों घटनाओं में बच्चों के परिजनों ने समय रहते साहस दिखाया और बच्चों को तेंदुए के चंगुल से बचा लिया था। इन घटनाओं के बाद वन विभाग ने इलाके में पिंजरा लगाया था। कई दिनों तक वन अमले ने गश्त और निगरानी भी की, लेकिन तेंदुआ उस दौरान पकड़ में नहीं आया।
चार महीने बाद फिर उसी इलाके में दस्तक
मई की घटनाओं के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियां सामने नहीं आईं। अब शुक्रवार को चट्टानपारा चेकडैम के पास तेंदुए द्वारा कुत्ते को उठाकर ले जाने की घटना ने पुराने डर को फिर जिंदा कर दिया है। ग्रामीणों को आशंका है कि तेंदुआ आसपास के जंगल और गांव से लगे इलाकों में लगातार सक्रिय हो सकता है।
घटना के बाद शाम और रात के समय ग्रामीणों की आवाजाही को लेकर भी सतर्कता बढ़ गई है। जंगल और चेकडैम के आसपास जाने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत महसूस हो रही है।
कैमरा ट्रैप से तेंदुए की तलाश
वन विभाग पहले से ही क्षेत्र में कैमरा ट्रैप के जरिए तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित इलाके में गश्त और निगरानी बढ़ाने की बात कही गई है। अब विभाग की चुनौती तेंदुए की लगातार मौजूदगी वाले क्षेत्र का पता लगाकर ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की है।
अधिकारी बोले ट्रैप कैमरे से रखी जा रही नजर पेट्रोलिंग भी जारी
गरियाबंद एसडीओ राकेश चौबे ने बताया कि कोदोबतर में मई में हुई घटनाओं के बाद से ही क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगाया गया है और लगातार गश्त की जा रही है। शुक्रवार को तेंदुए द्वारा कुत्ते को उठाकर ले जाने की घटना की जानकारी मिली है। घटना के बाद संबंधित इलाके में गश्त और निगरानी और बढ़ाई जाएगी। विभाग तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है।
यह भी पढ़ें…गरियाबंद छात्रावास हादसा मदनपुर में दो छात्र झुलसे, हादसे से बड़ा सवाल, पालकों को सूचना कब और कैसे दी गई ?